इंग्लैंड ने तीसरे टेस्ट के लिए डेविड मलान को टेस्ट टीम में शामिल किया
लंदन
इंग्लैंड टीम लॉर्ड्स में भारत के खिलाफ 151 रनों से हार का सामना करने के बाद 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-1 से पिछड़ गई है. दोनों टीमों के बीच सीरीज का तीसरा मुकाबला 25 अगस्त से खेला जाएगा. इंग्लैंड टीम ने इस मुकाबले के लिए अपनी टीम में तीन बदलाव किए हैं.
मेजबान टीम ने ओपनर डोम सिब्ली, जैक लीच और जैक क्राउले को बाहर का रास्ता दिखा दिया है. सिब्ली सीरीज के पहले दो मैच में फ्लॉप रहे. जबकि जैक क्राउली को सिर्फ पहले टेस्ट मैच में खेलने का मौका मिला था. वह कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे. वहीं, जैक लीच एक भी मुकाबले में नहीं खेल पाए थे.
ओपनर सिब्ली की जगह टी20 के धाकड़ बल्लेबाज डेविड मलान को टीम में शामिल किया गया है, जो फिलहाल टी-20 में दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज हैं. मलान तीन साल बाद टेस्ट टीम में वापसी कर रहे हैं. वह पिछला टेस्ट अगस्त 2018 में भारत के खिलाफ एजबस्टन में खेले थे जिसमें इंग्लैंड ने जीत दर्ज की थी.
इंग्लैंड ने चोटिल तेज गेंदबाज मार्क वुड को 15 सदस्यीय टीम में बरकरार रखा है. टीम को उम्मीद है कि लीड्स में 25 अगस्त से शुरू हो रहे तीसरे टेस्ट के लिए वह फिट हो जाएंगे.
मलान की टेस्ट टीम में वापसी पर इंग्लैंड के मुख्य कोच क्रिस सिल्वरवुड ने कहा, ‘डेविड मलान टेस्ट प्रारूप में वापसी के हकदार हैं. सभी प्रारूपों में उसे काफी अनुभव है और मुझे यकीन है कि अगर मौका मिलता है तो वह अपने घरेलू मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करेगा.’
वुड के संदर्भ में मुख्य कोच ने कहा, ‘पहले टेस्ट में दाएं कंधे में चोट लगने के बाद हमें उम्मीद है कि मार्क वुड फिट हो जाएगा. हमारी मेडिकल टीम उसके साथ काम कर रही है. जब हम लीड्स जाएंगे तो देखेंगे कि उसकी स्थिति कैसी है.’
डेविड मलान का करियर
मलान ने इंग्लैंड के लिए 15 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 27.85 की औसत से 724 रन बनाए हैं. उनका बेस्ट स्कोर 140 का है. मलान ने टेस्ट में 1 शतक और 6 अर्धशतक बनाया है.
वहीं, उन्होंने 6 वनडे मैचों में 39.5 की औसत से 158 रन बनाए हैं. टी20 में मलान ने 30 मैच खेले हैं और 1123 रन बनाए हैं. उनका औसत 43.19 का है. उनके नाम एक शतक दर्ज है.
टीम: जो रूट (कप्तान), मोइन अली, जेम्स एंडरसन, जॉनी बेयरस्टो, रोरी बर्न्स, जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, हसीब हमीद, डैन लॉरेंस, साकिब महमूद, डेविड मालन, क्रेग ओवरटन, ओली पोप, ओली रॉबिन्सन, मार्क वुड.

पाठको की राय