Friday, October 23rd, 2026

दस्तक अभियान 31 अगस्त तक चलेगा : स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी

दस्तक दल घर-घर जाकर देगा सेवाएँ

भोपाल

लोक स्वास्थ्य एवं परिवार-कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने मंगलवार को दस्तक अभियान का शुभारंभ किया। दस्तक अभियान 18 जुलाई से शुरू होकर 31 अगस्त तक चलेगा। दस्तक अभियान में एएनएम, आशा और आँगनवाड़ी कार्यकर्ता का संयुक्त दल घर-घर जाकर बच्चों के स्वास्थ्य की जाँच करेगा।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने आम नागरिकों से आग्रह किया है कि दस्तक दल जब उनके घर पहुँचे तो 5 वर्ष आयु तक के सभी बच्चों की जाँच अवश्य करवायें। दस्तक दल द्वारा नवजात और बीमार बच्चों की जाँच, गंभीर कुपोषित, गंभीर एनीमिया एवं निमोनिया की बच्चों में पहचान और प्रबंधन, दस्त रोग की पहचान और ओआरएस पैकेट का वितरण किया जाएगा और 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की दवा पिलाई जायेगी।

दस्तक दल, आरबीएसके कार्यक्रम में जन्मजात विकृतियों की पहचान और उपचार करेगा। टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों का चिन्हांकन कर उनका टीकाकरण करना सुनिश्चित करेगा। दल 5 वर्ष तक के बच्चों की हीमोग्लोबिन की जाँच भी करेगा। साथ ही ओआरएस का घोल बनाने की विधि भी बतायेगा।

 

 

Source : Agency

पाठको की राय