Sunday, October 25th, 2026

दरभंगा पार्सल ब्लास्ट: जांच में जुटी एनआईए, क्या जंक्शन पर मौजूद था स्लीपर सेल?  

 दरभंगा 
दरभंगा पार्सल ब्लास्ट के जरिये देश को दहलाने वाली साजिश की जांच में जुटी एनआईए की टीम मंगलवार को भी दरभंगा जंक्शन पर गहन जांच में जुटी रही। बताया जाता है अभी तक 17 चश्मदीदों का बयान कलमबद्ध किया जा चुका है। ब्लास्ट के पीछे की साजिश की हर बिंदु की जांच एनआईए की ओर से बारीकी से की जा रही है।

दरभंगा जंक्शन के दरभंगा हॉल में बारी-बारी से बुलाकर एनआईए ने कई कर्मियों और वेंडरों से पूछताछ की। टीम ने घटनास्थल की भी बारीकी से जांच की। घटना के वक्त के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला गया। बताया जाता है कि ब्लास्ट के वक्त लश्कर का कोई स्लीपर सेल भी दरभंगा जंक्शन पर मौजूद रहा होगा। 

सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में ब्लास्ट के वक्त एक संदिग्ध मोबाइल नंबर दरभंगा जंक्शन पर एक्टिव पाया गया था। बाद में वह नंबर नेपाल से सटे सीमावर्ती क्षेत्र में एक्टिव था। माना जा रहा है कि पार्सल ब्लास्ट के मामले में अभी तक गिरफ्तार किए गए नासिर मल्लिक व इमरान मल्लिक के अलावा सलीम और कफील से पूछताछ के दौरान कई जानकारियां मिली होंगी। इनमें दरभंगा आतंकी मॉड्यूल को लेकर भी कई जानकारियां शामिल हो सकती हैं। जानकारों का मानना है कि एनआईए प्राप्त जानकारियों की कड़ियों को जोड़ने का भी प्रयास कर रही है।

 

#दरभंगा पार्सल ब्लास्ट

Source : Agency

पाठको की राय