दमोह उपचुनाव: कोविड गाइडलाइन के साथ वोटिंग, आधा दर्जन EVM खराब
भोपाल
कोरोना संक्रमण के बीच आज दमोह उपचुनाव में मतदाता कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए अपने मत का प्रयोग कर रहे हैं। चुनाव आयोग के निर्देश पर सभी बूथ पर संक्रमण से बचाव के पूरे इंतजाम किए गए हैं। हालांकि तेज गर्मी और संक्रमण क डर से शुरुआती समय में मतदान कम रहा। समय के साथ मतदान में तेजी देखी जा सकती है। इस बार वोटिंग का टाइम भी बढ़ा कर शाम सात बजे तक किया गया है।
दमोह उपचुनाव में पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के बीच आज सुबह सात बजे से शुरु हुए मतदान में इस बार कोरोना और गर्मी के कारण मतदान की रफ्तार काफी धीमी रही। शुरुआती दो घंटे में दस फीसदी भी मतदान नहीं हो पाया था। वही विभिन्न मतदान केन्द्रों पर दो इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन और पांच वीवीपेट मशीने खराब हुई जिन्हें जांच के बाद बदला गया। इस बार उपचुनाव के लिए मतदान का समय बढ़ाया गया है। देर शाम सात बजे तक मतदान होगा और जो लोग लाइन में लगे रहेंगे उन सभी को अंदर कर मतदान कराया जाएगा। आज होने वाले मतदान के साथ ही उपचुनाव में खड़े भाजपा के राहुल लोधी और कांग्रेस के अजय टंडन सहित सभी 22 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हो जाएगा।
कांग्रेस की सीट से दमोह विधानसभा चुनाव जीते राहुल लोधी के इस्तीफे के कारण यह सीट खाली हुईथी। इस्तीफे के बाद भाजपा में शामिल राहुल लोधी इस बार भाजपा के टिकिट से चुनाव मैदान में है। वहीं कांग्रेस ने इस बार अजय टंडन को मैदान में उतारा है। दोनो ही प्रत्याशियों के बीच कांटे का मुकाबला है। आज सुबह सभी 359 मतदान केन्द्रों पर मतदान शुरु होने से 90 मिनट पहले एक साथ मॉक पोल कराया गया । इसके बाद सुबह सात बजे से एक साथ सभी स्थानों पर शांतिपूर्ण मतदान शुरु हुआ। मॉकपोल और मतदान के दौरान खराब हुई कुल सात मशीनों को बदला गया और उनके स्थान पर रिजर्व में रखी गई ईवीएम के जरिए मतदान शुरु कराया गया।
दमोह उपचुनाव में मतदान करने पहुंचे सभी मतदाताओं के तापमान के जांच की व्यवस्था की गई थी। जिन मतदाताओं के तापमान ज्यादा आए उन्हेंं अंतिम एक घंटे में मतदान के लिए आने को कहा गया। सभी मतदाताओं को मास्क लगाकर ही मतदान केन्द्र पर प्रवेश दिया गया। जो मास्क लगाकर नहीं पहुंचे थे उन्हें मास्क भी दिए गए। सेनेटाईजर की व्यवस्था भी मतदान केन्द्रों पर की गई थी। सोशल डिस्टेंसिंग के लिए दो गज की दूरी पर गोले भी बनाए गए थे। युवा मतदाताओं में मतदान के प्रति अच्छा उत्साह देखा गया। कोरोना संक्रमण के खतरे और गर्मी के चलते इस बार मतदान के प्रति कम उत्साह देखा गया। शाम को पांच बजे के बाद मतदान में अच्छी तेजी आने की संभावना है।
दमोह उपचुनाव में 219 मतदान केन्द्रों की वेबकास्टिंग कराई गई। इन मतदान केन्द्रों पर सीसीटीवी के जरिए सीधे निगरानी की गई। कुछ मतदान केन्द्रों की वीडियोग्राफी भी कराई गई। उपचुनाव के लिए एक सामान्य प्रेक्षक, एक व्यय प्रेक्षक, 68 माइक्रो प्रेक्षक तैनात किए गए है। एक हजार 448 पोलिंग कर्मचारी और 432 रिजर्व पोलिंग कर्मचारियों ने आज मतदान के लिए मोर्चा संभाला। सुरक्षा के लिए सीएपीएफ की तीन और एसएएफ की दो कंपनियां मुस्तैदी से तैनात रही। इसके अलावा 859 डीपीएफ, 413 होमगार्ड और 359 एसपीओ तैनात किए गए थे।

पाठको की राय