Monday, October 26th, 2026

साइकिल सवार किसान की बस की टक्कर से मौत, झांसी-प्रयागराज हाईवे पर हुआ हादसा

बांदा
धान फसल की रखवाली करने जा रहे साइकिल सवार किसान को झांसी-प्रयागराज हाईवे पर बिजली पावर हाउस के पास रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल किसान की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की। उसे हिरासत में ले लिया गया है। शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे मोहल्ला राजनगर निवासी 70 वर्षीय किसान जंगलिया यादव अतर्रा ग्रामीण के जरुहा चौकी के पास चार बीघे में बोई धान की फसल की रखवाली करने साइकिल से जा रहे थे।

प्रयागराज से बांदा की तरफ जा रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। चालक साकेत मिश्रा ने बस रोक तत्काल ई रिक्शा से किसान को सीएचसी पहुंचाया। जहां मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर दूसरी बस से यात्रियों को भेजा। पुत्र चुन्नू यादव की तहरीर पर पुलिस ने चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की। घटना से पत्नी शांति देवी समेत स्वजन बेहाल हैं। जंगलिया चार बीघे खेत में किसानी करते थे। पुत्र राजा, चुन्नू, राजकुमार व राजकरण परिवार के साथ अलग रहते थे। प्रभारी निरीक्षक अनूप दुबे का कहना है कि चालक को हिरासत में लेकर पुत्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

#Cyclist farmer

Source : Agency

पाठको की राय