कटक की महिला ने ट्रेन में दिया बेटे को जन्म, भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस डॉक्टर के इंतजार में आधे घंटे रुकी रही
धनबाद
प्रसव पीड़ा से कराह रही महिला ने नई दिल्ली से भुवनेश्वर जा रही राजधानी एक्सप्रेस में बच्चे को जन्म दिया। प्राथमिक उपचार के लिए डॉक्टर को सूचना दी गई। पर आधे घंटे तक डॉक्टर नहीं पहुंचे। इस वजह से राजधानी एक्सप्रेस गोमो स्टेशन पर ही खड़ी रही। इससे राजधानी के यात्री भी काफी नाराज दिखे और उन्होंने रेलवे की व्यवस्था पर सवाल भी उठाया। बाद में डॉक्टर के पहुंचने पर स्वास्थ्य परीक्षण में जच्चा बच्चा दोनों के बिल्कुल ठीक होने पर उसी ट्रेन से उन्हें रवाना किया गया। 22818 भुवनेश्वर नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस थर्ड एसी कोच में सफर कर रही महिला अनिता दास को बीच सफर में ही प्रसव पीड़ा हुई। कोच अटेंडेंट ने रेलवे कंट्रोल को इसकी सूचना दी। कुछ देर बाद राजधानी एक्सप्रेस गोमो पहुंची। गोमो में डॉक्टर के आने का इंतजार होता रहा और महिला दर्द से कराहती रही। आखिरकार बिना डॉक्टर के ही उस महिला ने बच्चे को जन्म दिया। डॉक्टर के न पहुंचने से हंगामे जैसी स्थिति बन गई। काफी संख्या में लोग ट्रेन के नीचे उतर गए। हालांकि हंगामा नहीं हुआ और रेलवे के सहायक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ असीम कुमार दल बल के साथ पहुंचे। रेलवे के डॉक्टरों की मौजूदगी में महिला का प्राथमिक उपचार हुआ। सब कुछ सामान्य पाए जाने के बाद उन्हें घर जाने की अनुमति दे दी गई। ओडिशा के भद्रक की रहने वाली महिला ने बेटे को जन्म दिया है।

पाठको की राय