Wednesday, October 21st, 2026

आस्ट्रेलिया की कप्तानी जारी रखने के इच्छुक कमिंस, आईपीएल नीलामी में भी देंगे नाम

कोलकाता.
पैट कमिंस ने विश्व कप के बाद भी आस्ट्रेलिया का वनडे कप्तान बने रहने की इच्छा जताई है। कमिंस को पहले टेस्ट टीम की कप्तानी सौंपी गई थी लेकिन आरोन फिंच के पिछले साल अचानक संन्यास लेने के बाद उन्हें वनडे कप्तान भी बनाया गया। शुरूआती दो मैच हारने के बाद लगातार सात जीत के साथ आस्ट्रेलिया को विश्व कप सेमीफाइनल में पहुंचाने वाले कमिंस ने कप्तानी बरकरार रखने का दावा पुख्ता कर लिया है।

वनडे कप्तान के तौर पर भविष्य के बारे में पूछने पर 30 वर्ष के कमिंस ने कहा, ‘‘बिल्कुल। हम इस पर बात करेंगे। मैं, एंड्रयू (मुख्य कोच) और जॉर्ज (चयनकर्ता) सभी। इस टूर्नामेंट के बाद फोकस टेस्ट क्रिकेट पर रहेगा। जैसा कि अतीत में होता आया है, सफेद गेंद के क्रिकेट से ध्यान हटाकर टेस्ट क्रिकेट पर फोकस चला जाता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैने कार्यभार प्रबंधन बखूबी किया है और किसी एक प्रारूप को छोड़ने की जरूरत नहीं है।’’

इस साल अंतरराष्ट्रीय व्यस्तताओं के कारण आईपीएल से नाम वापिस लेने वाले कमिंस 2024 सत्र के लिये नीलामी में अपना नाम देंगे। आईपीएल अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले खेला जायेगा। कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2022 में कमिंस को साढे सात करोड़ रूपये में खरीदा था।

कमिंस ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि मैने काफी टी20 क्रिकेट नहीं खेला है। मुझे यह भी लगता है कि अभी तक इस प्रारूप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं किया है।मैं अगले साल आईपीएल की नीलामी में अपना नाम दूंगा और विश्व कप टीम में चयन का दावा पुख्ता करूंगा।’’

 

 

#Pat Cummins

Source : Agency

पाठको की राय