Sunday, October 25th, 2026

प्रेम का संदेश लेकर मध्यप्रदेश आई इप्टा की सांस्कृतिक यात्रा

( अमिताभ पाण्डेय )
भोपाल । ( अपनी खबर )

देशभर में लोककलाओं ,जनगीतों के माध्यम से कौमी एकता , सामाजिक सद्भाव , शांति , प्रगति के संदेश को फैलाने का काम मशहूर सामाजिक संस्था इप्टा पिछले कई वर्षों से कर रही है। अपनी सामाजिक जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए इप्टा ने सामयिक मुद्दों के प्रति आम जनता को जागरूक करने का काम भी सफलतापूर्वक किया है।वर्तमान समय नफरत और हिंसा के विरुद्ध अधिक ताकत से संघर्ष करने की मांग करता है। इस बात को ध्यान में रखते हुए इप्टा ने प्रेम  , शांति , सदभाव को जनता के बीच बढ़ने के लिए  विशेष अभियान चलाया है।

इसके अंतर्गत आज़ादी के 75 वें वर्ष के मौके पर  " ढाई आखर प्रेम " का नाम से एक यात्रा निकाली जा रही है। इस यात्रा के माध्यम से देश के विभिन्न शहरों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर  जनता को जोड़ा जा रहा है। प्रेम, शांति, सद्भाव को मजबूत करने के संदेश प्रचारित , प्रसारित किए जा रहे हैं।

पांच राज्यों से होकर गुजरने वाली ढाई आखर प्रेम की सांस्कृतिक यात्रा छत्तीसगढ़, झारखण्ड, बिहार, उत्तर प्रदेश होते हुए पिछले दिनों मध्यप्रदेश के छतरपुर पहुंची।
उत्तर प्रदेश इप्टा के साथियों द्वारा छतरपुर पहुंचकर मध्य प्रदेश इप्टा के साथियों को आगे की यात्रा की शुभकामनाओं के साथ इप्टा का झंडा, बैनर और साझी शहादत-साझी विरासत का पात्र सौंपा गया।

 यह जानकारी इप्टा के राज्य सचिव और संस्कृतिकर्मी सचिन श्रीवास्तव ने अपनी खबर को दी।

उन्होंने बताया कि इप्टा के राष्ट्रीय महासचिव राकेश वेदा के नेतृत्व में चल रही यह यात्रा संवैधानिक मूल्यों को लेकर,  देश के नायकों के आंगन की मिट्टी एकत्र करते हुए और प्रेम सद्भाव का संदेश देते हुए गांव, देहात, शहर कस्बों से होते हुए जनता के साथ संवाद करते हुए गुजर रही है।

छतरपुर में उरई (जालौन) इप्टा के अध्यक्ष देवेन्द्र शुक्ला, राज़ पप्पन व धर्मेन्द्र कुमार की ओर से 15 मई की शाम गांधी आश्रम में मध्यप्रदेश इप्टा के महासचिव शिवेंद्र शुक्ला और अन्य साथियों को यात्रा की कमान सौंपी गई। गांधी आश्रम की संचालक दमयंती, दिल्ली इप्टा के साथी रजनीश साहिल, छतरपुर इप्टा के नीरज खरे सहित अन्य साथियों की उपस्थिति में यात्रा के प्रतीक मिट्टिका पात्र, झंडा,बैनर हस्तांतरित किया गया।

 आज 16 मई की शाम को इंदौर के कलाकार साथी भी यात्रा में शामिल होंगे।
भोपाल में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सचिन श्रीवास्तव ने बताया कि सीहोर और भोपाल में ढाई आखर प्रेम की सांस्कृतिक यात्रा का गुना से श्यामपुर दोराहा पहुंचेगी।

यहां सभी साथियों का स्वागत होगा।
इसके अलावा गांधीनगर, इतवारा चौक और ऐशबाग में कार्यक्रम होंगे।

मुख्य कार्यक्रम गांधीभवन में 19 मई को शाम 6 बजे से होगा। इस दौरान नाटक, गीत, गायन और वादन से संबंधित कार्यक्रम होंगे। इस कार्यक्रम में शहर के सभी संस्कृतिकर्मी और लेखक, पत्रकार शामिल होंगे।

इस दौरान लखनऊ से इप्टा के महासचिव राकेश वेदा, छत्तीसगढ़ से राजेश श्रीवास्तव और अशोक शिरोड़े, झारखंड से शैलेंद्र कुमार, दिल्ली से मनीष श्रीवास्तव, विनोद कोष्टी के अलावा मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के कलाकार, संस्कृतिकर्मी भी हिस्सेदारी करेंगे।

गांधी भवन से 20 मई को यात्रा सीहोर की ओर प्रस्थान करेगी। इस यात्रा को लेकर अमन पसंद  नागरिकों में उत्साह देखा जा रहा है ।

 

Source : Agency

पाठको की राय