Tuesday, June 23rd, 2026

मसूर दाल के क्रिस्पी पकौड़े: चाय के साथ स्वाद और सेहत का परफेक्ट मेल

भारतीय घरों में चाय का समय हो या अचानक बदला हुआ सुहावना मौसम प्लेट में गरमा-गरम पकौड़े न हों तो मजा अधूरा लगता है. आमतौर पर हम सभी बेसन, आलू या प्याज के पकौड़े ही बनाते हैं लेकिन कई बार एक ही तरह का स्वाद खाते-खाते मुंह का जायका फीका पड़ जाता है. अगर आप भी इस बार नाश्ते में कुछ नया, चटाकेदार और एक्स्ट्रा क्रिस्पी ढूंढ रहे हैं तो मसूर दाल के पकौड़े एक बेहतरीन विकल्प हैं.

लाल मसूर की दाल से बने ये पकौड़े न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होते हैं बल्कि प्रोटीन से भरपूर होने के कारण एक हेल्दी चॉइस भी हैं. इनकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि ये बेसन के मुकाबले कहीं ज्यादा लंबे समय तक कुरकुरे बने रहते हैं और इन्हें बनाने के लिए किसी बेकिंग सोडा की जरूरत भी नहीं पड़ती. आइए जानते हैं इनकी आसान रेसिपी.

सामग्री (Ingredients):
लाल मसूर दाल: 1 कप (2 घंटे पानी में भिगोई हुई)
प्याज: 1 बड़ा (बारीक या लंबा पतला कटा हुआ)

हरी मिर्च: 2-3 (बारीक कटी हुई)

अदरक-लहसुन का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच

बारीक कटा हरा धनिया: आधा कप

कढ़ी पत्ता: 7-8 (बारीक कटे हुए, बेहतरीन फ्लेवर के लिए)

चावल का आटा: 2 बड़े चम्मच (एक्स्ट्रा क्रिस्पी बनाने के लिए)

साबुत जीरा: 1 छोटा चम्मच

साबुत धनिया: 1 छोटा चम्मच (हल्का क्रश किया हुआ)

हल्दी पाउडर: आधा छोटा चम्मच

लाल मिर्च पाउडर: 1 छोटा चम्मच

हींग: 1 चुटकी

नमक: स्वादानुसार

तेल: तलने के लिए

बनाने का तरीका
सबसे पहले भिगोई हुई मसूर दाल का सारा पानी छानकर अलग कर लें. अब दाल को मिक्सी के जार में डालें और बिना पानी डाले या जरूरत पड़ने पर सिर्फ 1-2 चम्मच पानी छिड़ककर इसे दरदरा पीस लें. ध्यान रहे कि दाल का बिल्कुल बारीक पेस्ट नहीं बनाना है, दरदरा पीसने से ही पकौड़े कुरकुरे बनेंगे.

पिसी हुई दाल को एक बड़े मिक्सिंग बाउल में निकालें. अब इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, कढ़ी पत्ता, हरा धनिया और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें.

इसी बाउल में चावल का आटा, साबुत जीरा, क्रश किया हुआ साबुत धनिया, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, हींग और स्वादानुसार नमक डालें. अब चम्मच या हाथों की मदद से पूरे मिश्रण को अच्छी तरह आपस में मिला लें.

एक कढ़ाई में पकौड़े तलने के लिए तेल अच्छी तरह गर्म करें. जब तेल गर्म हो जाए तो आंच को मध्यम कर दें. अब हाथों से या चम्मच की मदद से मिश्रण के छोटे-छोटे और रफ शेप के पकौड़े गर्म तेल में डालते जाएं. इन्हें गोल शेप न दें, रफ शेप से क्रंच ज्यादा आता है.

पकौड़ों को मध्यम आंच पर अलट-पलट कर चारों तरफ से अच्छा सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें. तले हुए पकौड़ों को नैपकिन पेपर पर निकाल लें ताकि एक्स्ट्रा ऑयल सोख जाए. आपके गरमा-गरम और सुपर करारे मसूर दाल के पकौड़े तैयार हैं. इन्हें तीखी हरी चटनी और अदरक वाली चाय के साथ परोसें.

 

#recipe

Source : Agency

आपकी राय

10 + 3 =

पाठको की राय