Friday, October 23rd, 2026

चुनावी रंजिश में अपराधियों ने वार्ड सदस्य के भाई को मारी गोली, पुलिस को मौके से मिले खाली और जिंदा कारतूस

मोतिहारी के घोड़ासहन थाना क्षेत्र के सपही देवी चौक पर शनिवार की शाम साढ़े छह बजे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। युवक की पहचान मुसहरिया निवासी रामबाबू दास के पुत्र रमेश दास (35) के रूप में की गयी है। मृतक के घर से घटनास्थल की दूरी आधा किलोमीटर है।

रमेश खरूआ चैनपुर पंचायत के वार्ड संख्या नौ के पूर्व वार्ड सदस्य रामबाबू दास का पुत्र व वर्तमान वार्ड सदस्य कमलेश दास का भाई है। वह बिजली मिस्त्री का काम करता था। घोड़ासहन एसएचओ अखिलेश मिश्र का कहना है कि प्रथम दृष्टया हत्या का कारण चुनावी रंजिश लग रहा है। घटनास्थल से दो खाली व एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों की संख्या आधा दर्जन के करीब थी। हालांकि गोली लगते ही आसपास के दुकानदार दुकान बंद कर भागने लगे। गोली रमेश दास के सिर में लगी है। जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। देर रात कुंडवा चैनपुर थानाध्यक्ष रमण कुमार व एसएसबी इंस्पेक्टर बीपी नौटियाल ने भी घटनास्थल पर छानबीन की।

परिजनों का कहना है कि चुनावी रंजिश में घर से बुलाकर हत्या की गयी है। घटनास्थल के पास ही रमेश की बाइक पड़ी थी। पुलिस ने शव को कब्जा में ले लिया है लेकिन उसके परिजन पोस्टमार्टम के लिये जाने नहीं दे रहे हैं। परिजन वरीय अधिकारियों को घटनास्थल पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं।

 

Source : Agency

पाठको की राय