चिराग पासवान से मुलाकात पर बोले क्रिकेटर ईशान किशन, कहा- भैया मुझसे मिलने आए बहुत अच्छा लगा
पटना
बांग्लादेश में अपने बल्ले से धूम मचाने वाले बिहार के क्रिकेटर ईशान किशन को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। शुक्रवार को पटना में लोजपा (आर) के अध्यक्ष और सासंद चिराग पासवान भी क्रिकेटर ईशान किशन से मिलने उनके घर पहुंचे। वहां चिराग ने उन्हें इस शानदार पारी के लिए ढेर सारी बधाई दी और अग्रिम भविष्य की शुभकामनाएं दी। चिराग पासवान ने ईशान किशन को शॉल ओढ़ाकर और गुलदस्ता देकर उनका अभिवादन किया। इस मुलाकात की कई सारी तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी शेयर हुई हैं। चिराग के साथ ईशान को बधाई देने एलजेपी की पूरी टीम भी पहुंची थी।
मुलाकात के दौरान ईशान ने कहा कि मुझे बहुत खुशी हुई कि चिराग भैया मुझसे मिलने आए. बहुत अच्छा लगता है कि जब कोई ऐसे प्रोत्साहित करने आता है। वहीं चिराग ने कहा कि मुझे गर्व होता है हमारा प्रदेश अच्छे कारणों से सुर्खियों में रहता है। मैं ईशान को बधाई देने आया हूं। चिराग पासवान ने ट्विटर पर तस्वीरें शेयर कर लिखा, "भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते हुए खिलाड़ी और राष्ट्रपटल पर बिहार का नाम रौशन करने वाले ईशान किशन जी के पटना स्तिथ आवास जाकर उनसे एवं उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दिया।
चिराग ने कहा कि वह खुद खेल कूद में दिलचस्पी रखते हैं। बिहार के सभी कलाकारों को इस तरह की सुविधा मिलनी चाहिए। ताकि वह आगे चलकर कुछ कर सकें। ईशान ने अपनी मेहनत और टैलेंट के दम पर ये मुकाम हासिल की है, इसका श्रेय उनके माता पिता को भी जाता है। आपको बता दें बांग्लादेश के खिलाफ सबसे तेज एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय दोहरा शतक जड़ने के एक हफ्ते से भी कम समय में किशन ने 195 गेंद में नौ चौकों की मदद से 132 रन की पारी खेली जिससे झारखंड की टीम चार विकेट पर 114 रन से उबरते हुए 340 रन बनाने में सफल रही।

पाठको की राय