Saturday, October 24th, 2026

रोजगार के अधिक से अधिक अवसर सृजित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में रोजगार के अधिक से अधिक अवसर सृजित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस उद्देश्य से प्रदेश में निवेश के लिए उत्सुक इकाइयों को राज्य शासन की ओर से हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन दिया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने आज मंत्रालय में मेसर्स चिरीपाल ग्रुप के डायरेक्टर ज्योति प्रसाद चिरीपाल तथा प्रेसिडेंट दीपक जैन से भेंट के दौरान यह बात कही।

चिरीपाल ग्रुप, रतलाम में लगभग 250 एकड़ क्षेत्र में 4 हजार 600 करोड़ रूपए के पूंजी निवेश से सोलर सेल, सोलर ग्लास तथा पी.व्ही. मॉड्यूल उत्पादन की इकाई स्थापित करने का इच्छुक है, जिससे लगभग 3 हजार लोगों के लिए रोजगार के अवसर निर्मित होंगे। इसी प्रकार यह समूह, रतलाम में ही 30 एकड़ क्षेत्र में 800 करोड़ रूपए के निवेश से टेक्सटाईल यूनिट स्थापित करेगा, जिससे 900 लोगों को रोजगार मिलेगा। वर्तमान में चिरीपाल ग्रुप की 6 सहायक कम्पनियों की 9 उत्पादन इकाइयाँ संचालित हैं, जिनका वार्षिक टर्नओवर 8 हजार करोड़ रूपए है। इकाई शिक्षा, टेक्सटाईल, पॉलीफिल्स तथा पेट्रोकेमिकल्स के क्षेत्र में कार्य कर रही है।

 

#Chief Minister Chouhan

Source : Agency

पाठको की राय