Tuesday, October 20th, 2026

BJP प्रत्याशी सहेंद्र रमाला के काफिले पर फेंके गए गोबर और पत्थर, कार्यकर्ताओं को पीटा

बागपत
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार 08 फरवरी की शाम पांच बजे समाप्त हो गया। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन बागपत जिले के छपरौली सीट से जुलूस निकाल रहे भाजपा प्रत्याशी व विधायक सहेंद्र रमाला के काफिले पर गोबर व पत्थर फेंके गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया तो उनके साथ मारपीट की गई, जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वहीं, पुलिस ने वीडियो के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
 
सहेंद्र रमाला के समर्थन में मंगलवार 08 फरवरी को छपरौली कस्बे में रोड शो निकाला गया। इस दौरान बीजेपी प्रत्याशी का काफिला टांडा की तरफ से होते हुए छपरौली पहुंचा। यहां पर पहले से खड़े कई युवों ने बीजेपी प्रत्याशी के काफिले पर गोबर व पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पहले हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ व प्रत्याशी सहेंद्र रमाला वाली गाड़ी पर गोबर फेंका तो सुरक्षाकर्मी गाड़ी पर चढ़कर उनके आगे अड़ गए। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं की गाड़ी पर भी गोबर व पत्थर फेंके।
 

इसका भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया तो कई युवक और आ गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वहीं, हंगामे की सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामला शांत कराया। एसपी नीरज कुमार जादौन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। बताया कि जुलूस की एक गाड़ी पर गोबर फेंका गया है। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वीडियो के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पूछताछ की जा रही है।
 

वहीं, इस घटना के बाद मौजूदा विधायक सहेंद्र रमाला ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। विधायक का कहना है कि विपक्षी उनके जनसमर्थन से बौखलाए हुए हैं और उसी को लेकर असमाजिक तत्वों ने उनके काफिले पर हमला किया।

 

#BJP प्रत्याशी सहेंद्र रमाला

Source : Agency

पाठको की राय