Friday, October 23rd, 2026

Covid-19 vaccination: SII ने कोवोवैक्स की कीमत 900 रुपये से घटाकर 225 की

नई दिल्ली
12-17 वर्ष की आयु के बच्चों के कोविड-19 टीकाकरण के लिए कोवोवैक्स को कोविन पोर्टल पर शामिल किए जाने के एक दिन बाद सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) ने मंगलवार को टीके की कीमत में संशोधन करते हुए इसमें भारी कटौती की है। एसआईआई ने हर खुराक की कीमत 900 रुपये से घटाकर 225 रुपये कर दी है। इसमें टैक्स शामिल नहीं है।

एनटीएजीआई की सिफारिश के बाद कोविन पोर्टल में शामिल
टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह (एनटीएजीआई) की सिफारिश के बाद सोमवार को पोर्टल पर वैक्सीन विकल्प के प्रावधान को शामिल किया गया था। मंगलवार को सरकार और एसआईआई में नियामक मामलों के निदेशक प्रकाश कुमार सिंह ने सरकार को सूचित किया है कि फर्म प्रत्येक खुराक की कीमत 900 रुपये से घटाकर 225 रुपये कर रही है। इसमें निजी अस्पतालों के लिए जीएसटी अलग से जुड़ेगा। इसके अलावा एक निजी अस्पताल सेवा शुल्क के रूप में 150 रुपये तक ले सकता है।

कोवोवैक्स टीके की कीमत को कोविन पोर्टल पर संशोधित किया गया है। भारत के दवा नियामक ने पिछले साल 28 दिसंबर को वयस्कों के लिए और 9 मार्च को 12-17 आयु वर्ग में आपातकालीन स्थितियों में इसके सीमित उपयोग के लिए मंजूरी दी थी।

वर्तमान में 12 से 14 वर्ष की आयु के बच्चों को बायोलॉजिकल ई के कॉर्बेवैक्स का टीका लगाया जाता है, जबकि 15-18 आयु वर्ग के बच्चों को सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर भारत बायोटेक का कोवाक्सिन मुफ्त में दिया जा रहा है। निजी केंद्रों पर कोवाक्सीन की एक खुराक की कीमत जीएसटी सहित 386 रुपये है, जबकि कॉर्बेवैक्स की कीमत 990 रुपये है।

 

#Covid-19 vaccination

Source : Agency

पाठको की राय