Tuesday, October 20th, 2026

Covid 19 अलर्ट: मास्क पहनें, बेवजह ट्रैवल न करें और समारोह टालें, IMA ने जारी की गाइडलाइन

भोपाल
कोरोना को लेकर आशंकाओं के बीच IMA अध्यक्ष एस.एन.पी सिंह ने कहा कि चीन, अमेरिका जैसे देशों के हालात देखते हुए कोई भी लापरवाही बरतना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि अब हमें मास्क लगाना शुरू कर देना चाहिए।

चीन में बढ़ते कोरोना केसों के चलते भारत में भी डर देखा जा रहा है। सरकार बैठकें कर रही है और लगातार हालात की निगरानी की जा रही है। इस बीच इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने भी नागरिकों से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की है। आईएमए के अध्यक्ष एस.एन.पी सिंह ने कहा कि चीन, अमेरिका जैसे देशों के हालात देखते हुए कोई भी लापरवाही बरतना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि अब हमें मास्क लगाना शुरू कर देना चाहिए। इसके अलावा बेवजह यात्राओं को भी उन्होंने टालने की अपील की है। डॉक्टर सिंह ने कहा कि यह ऐसा मौका है, जब महज घूमने के लिए विदेश यात्राएं नहीं करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने, गैर-जरूरी ट्रैवल न करने और समारोह टालने की सलाह दी है। चीन में कोरोना के पैर पसारने के चलते भारत में भी डर की स्थिति है और चौथी लहर आने की आशंका जताई जा रही है। यहां तक कि सरकार ने कांग्रेस पार्टी को भी हिदायत दी है कि वह अपनी भारत जोड़ो यात्रा को रोक दे। यही नहीं खुद भाजपा की ओर से राजस्थान में अपनी जनाक्रोश यात्रा को स्थगित कर दिया गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कुछ नियमों के पालन की नसीहत सरकार की ओर से दी जा सकती है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने कोरोना से निपटने को लेकर एक मीटिंग बुलाई है। इस मीटिंग में अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स से आने वाले यात्रियों की रैंडम टेस्टिंग, मास्क की अनिवार्यता जैसे फैसले लिए जा सकते हैं। इस बीच हेल्थ मिनिस्टर मनसुख मांडविया ने संसद में बताया है कि भारत में हालात नियंत्रण में हैं। उन्होंने कहा कि चीन के हालात से डरने की जरूरत नहीं है, लेकिन मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग जैसे नियमों का पालन जरूर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें बड़ी संख्या में जुटने वाले समारोहों को भी टाल देना चाहिए।

 

#Covid 19 Alert

Source : Agency

पाठको की राय