Monday, October 19th, 2026

एअर इंडिया को कनाडा में कोर्ट ने दिए करोड़ों की संपत्ति जब्त करने के आदेश, बड़ा झटका

नई दिल्ली

कनाडा की एक अदालत ने क्यूबेक प्रांत में एयर इंडिया और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) की संपत्तियां जब्त करने का आदेश दिया है। इसके तहत करीब 50 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई हैं। इन संपत्तियों को देवास मामले में रिकवरी के लिए जब्त किया गया है। देवास मल्टीमीडिया कंपनी का मामला दस साल से कोर्ट में चल रहा था। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, क्यूबेक की अदालत ने इस मामले में 24 नवंबर और 21 दिसंबर को दो फैसले दिए थे। इनमें एएआई और एयर इंडिया की संपत्तियां जब्त करने का आदेश दिया गया, ताकि देवास के पक्ष में रिकवरी की जा सके। इन आदेशों के बाद एएआई की करीब 6.8 मिलियन डॉलर (करीब 50 करोड़ रुपये) की संपत्तियां क्यूबेक में जब्त की गईं हैं। हालांकि, एयर इंडिया की कितनी संपत्तियां जब्त हुई हैं, इसका सटीक आंकड़ा फिलहाल सामने नहीं आया है। लेकिन बताया जा रहा है कि एयर इंडिया की 30 मिलियन डॉलर से ज्यादा की संपत्तियां जब्त हुई हैं, जो क्यूबेक प्रांत में इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (आईएटीए) के पास रखी हुई थीं।

यह है मामला
पूरा मामला इसरो की एंट्रिक्स कॉरपोरेशन और देवास के बीच हुए एक सैटेलाइट सौदे से जुड़ा है, जिसे 2011 में निरस्त कर दिया गया था। इस मामले में इंटरनेशनल चैंबर ऑफ कॉमर्स की कोर्ट ने देवास के पक्ष में फैसला सुनाया था। भारत सरकार को 1.3 अरब डॉलर देने का आदेश दिया था। देवास के विदेशी शेयरधारक इस फैसले को आधार बनाकर रिकवरी के लिए कनाडा और अमेरिका समेत कई देशों में भारत सरकार के खिलाफ अदालत गए थे। इसके बाद ये फैसला उनके पक्ष में आया है।

आदेश के विरुद्ध कानूनी रास्ता अपनाएगा एएआई
एएआई कनाडा की अदालत के आदेश को चुनौती देगा। एएआई के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, इस मामले में एएआई को कनाडा की क्यूबेक प्रांत की अदालत से कोई आदेश नहीं मिला है। हालांकि, एएआई के अनुरोध पर आईएटीए ने एएआई की ओर से ली गई राशि के स्थानांतरण को निलंबित करने के वास्ते कुछ दस्तावेज साझा किए हैं। प्रवक्ता ने कहा, इस आदेश को चुनौती देने के लिए एएआई कानूनी रास्ता अपना रहा है।

 

#एअर इंडिया

Source : Agency

पाठको की राय