Thursday, October 22nd, 2026

विकेटों के पतझड़ से उबर नहीं सके : बाबर

अहमदाबाद.
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने एकदिवसीय विश्व कप में शनिवार को यहां भारत के खिलाफ 117 गेंद शेष रहते सात विकेट की करारी शिकस्त मिलने के बाद कहा कि उनकी टीम बड़ी साझेदारी बनाने में नाकाम रही। पाकिस्तान की टीम दो विकेट पर 155 रन बनाकर एक समय अच्छी स्थिति में थी लेकिन इसके बाद टीम ने 36 रन के अंदर आठ विकेट गंवा दिये। भारत ने जीत के लिए मिले 192 रन के लक्ष्य को 30.3 ओवर में हासिल कर लिया।

एकदिवसीय विश्व कप में भारत से आठवीं हार झेलने के बाद बाबर ने प्रसारकों से कहा, ''हमने अच्छी शुरुआत की थी कुछ अच्छी साझेदारी हुई। हमने सामान्य क्रिकेट खेलने और साझेदारी बनाने की योजना बनाई थी लेकिन अचानक से विकेटों के पतन के कारण हम पारी को अच्छी तरह से समाप्त नहीं कर सकें।''

बाबर 50 रन के साथ पाकिस्तान के सर्वोच्च स्कोरर रहे। उनके आउट होने के बाद टीम की पारी ढह गयी। पाकिस्तान के कप्तान ने कहा, ‘‘हमने जिस तरह से शुरुआत की थी, हमारा लक्ष्य 280-290 था लेकिन लगातार विकेट गिरना हमारे लिए अच्छा नहीं रहा। हम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रहे।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम नई गेंद के साथ भी अच्छा नहीं कर सके। रोहित ने जिस तरह से बल्लेबाजी की, वह बेहतरीन पारी थी। हमने विकेट लेने की कोशिश की, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।''

 

 

#Babar Azam

Source : Agency

पाठको की राय