Friday, October 23rd, 2026

मुहासा होशंगाबाद में स्थापित होगी काटन स्पिनिंग, होजरी, फेब्रिक निटिंग इकाई

भोपाल

 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने औद्योगिक निवेश का स्वागत करते हुए कहा है कि प्रदेश में औद्योगिक निवेश और औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और विस्तार के लिए राज्य सरकार सभी प्रकार का सहयोग प्रदान करेगी। राज्य सरकार त्वरित कार्य और समय-सीमा में गतिविधियों के संचालन के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री चौहान से बेस्ट कॉर्पोरेशन प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर  आर. राजकुमार ने मंत्रालय में भेंट की। आर. राजकुमार ने मुख्यमंत्री चौहान को अवगत कराया कि उनका संस्थान  मोहासा, होशंगाबाद में भी कॉटन स्पिनिंग, होजरी, फेब्रिक निटिंग और वैट प्रोसेसिंग इकाई स्थापित करेगा। इकाई में नौ हजार व्यक्तियों को रोजगार मिलेगा। इस दौरान प्रमुख सचिव संजय शुक्ला भी उपस्थित थे।

बेस्ट कॉर्पोरेशन ने प्रदेश में अपना निवेश बढ़ाया

  मुख्यमंत्री चौहान को अवगत कराया  गया  कि  बेस्ट कॉर्पोरेशन, उज्जैन जिले में 11 एकड़ क्षेत्र में  होजरी इकाई स्थापित कर रहा है। कॉर्पोरेशन की पूर्व में 60 करोड़ रूपये निवेश की योजना थी। राज्य सरकार की  उद्योग मित्र  नीति और  प्रदेश के सहयोगी वातावरण को देखते हुए कॉर्पोरेशन अपना निवेश बढ़ा रहा है। इससे रोजगार सृजन  भी अधिक होगा। संस्थान की ओर  से  620 करोड़  रूपये के पूंजी निवेश की योजना है। इससे लगभग 9 हजार व्यक्तियों के लिए रोजगार सृजित होगा।

 

#फेब्रिक निटिंग इकाई

Source : Agency

पाठको की राय