18 साल से ऊपर के हर शख्स को फ्री में लगेगी कोरोना वैक्सीन, राज्य सरकार ने किया ऐलान
रायपुर
कोरोना वायरस का कहर देश पर टूट पड़ा है। इन दिनों कोरोना का प्रकोप पूरे देश में फैला हुआ है। इसके चलते लगातार लोग अपनों को खोते जा रहे हैं। संक्रमण लोगों के बीच तेजी से फैल रहा है। इस बीच छत्तीसगढ़ के लिए भूपेश बघेल की सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। नए फैसले के तहत छत्तीसगढ़ में हर शख्स को कोरोना वैक्सीन मुफ्त में लगाई जाएगी।
सीएम भूपेश बघेल ने घोषणा की है कि राज्य में 18 वर्ष से अधिक के सभी लोगों को मुफ्त में वैक्सीन लगाई जाएगी। किसी से कोई रुपए नहीं वसूले जायेंगे। इसका पूरा खर्च प्रदेश की कांग्रेस सरकार उठाएगी। सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि अपने-अपने नागरिकों की रक्षा करने के लिए हर संभव कदम उठाने को तैयार हैं।
इसके अलावा सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि केंद्र सरकार से उम्मीद है कि राज्य को अधिक से अधिक मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी। बता दें कि छत्तीसगढ़ भी उन राज्यों में से एक है जहां कोरोना वायरस ने कहर मचा रखा है। छत्तीसगढ़ के कई इलाके कोरोना वायरस की चपेट में हैं। खासकर वो इलाके जो महाराष्ट्र सहित दूसरे राज्यों की सीमा से लगे हुए हैं।
बता दें कि देशभर में चलाए जा रहे कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत 13 करोड़ के पार वैक्सीनेशन का आंकड़ा हो गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान जारी करते हुए बताया कि भारत 13 करोड़ COVID-19 वैक्सीन की खुराक देने वाला सबसे तेज देश बन गया है। ऐसा करने में सिर्फ 95 दिन लगे हैं, जबकि अमेरिका को 101 और चीन ने 109 दिन लगे हैं।

पाठको की राय