Saturday, October 24th, 2026

कोरोना मरीजों की सभी जांचें होंगी मुफ्त: मंत्री पटेल

भोपाल
हरदा और आसपास के मरीजों को अब उपचार के लिए इंदौर और भोपाल जैसे शहरों में उपचार के लिए नहीं जाना पड़ेगा। जिला चिकित्सालय हरदा में सवा करोड़ रुपए की हाईटेक बायो  एनालाइजर  मशीन का  वर्चुअली शुभारंभ करते हुए किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने यह बात कही। उन्होंने  मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभु राम चौधरी का  इस मशीन की सौगात के साथ ही जिला चिकित्सालय को 50 नए ऑक्सीजन बेड  की अनुमति प्रदान करने के लिए  क्षेत्र की जनता की ओर से  आभार  भी व्यक्त किया।

 पटेल ने कहा कि सरकार द्वारा हरदा जिला चिकित्सालय में 50 नए ऑक्सीजन बेड बढ़ाने की भी अनुमति मिल गई है। क्षेत्र की जनता के लिए राहत की बात है कि आज से प्रारंभ हुई बायो एनालाइजर  मशीन से विभिन्न प्रकार की जांच हरदा में ही की जा सकेंगी। उन्होंने बताया कि इस मशीन से 17 प्रकार की खून की जांच की जाएगी। एक घंटे में लगभग 80 सैम्पल्स की जांच की जा सकती हैं। कोरोना संक्रमितो को अब अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होना पड़ेगा। उन्हें उपचार के लिए अन्यत्र नहीं जाना होगा। समस्त प्रकार की जांचें निशुल्क हरदा में ही की जाएंगी।पटेल ने बताया कि हरदा में पांच अस्पतालों के द्वारा कोरोना संक्रमित मरीजो का उपचार किया जा रहा है। हरदा में उक्त सुविधा के मिल जाने से अब ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा।

कोविड-संक्रमण की रोकथाम के लिए समितियां गठित

कृषि मंत्री  पटेल ने जिले में  कोविड-संक्रमण  की रोकथाम के लिए टिमरनी और हरदा विधानसभा क्षेत्रों के लिए दो समन्वय समितियों के गठन के निर्देश दिए है। दोनों समितियां कोविड संक्रमण की रोकथाम, ऑक्सीजन की आपूर्ति, रेमेडिसिवर इंजेक्शन, कोविड केयर सेंटरों का गठन और ग्रामीण स्तर पर सुरक्षा समितियों के गठन का कार्य देखेंगी। समन्वय समितियां शासन की एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल बना कर जनता को लाभ दिलाना सुनिश्चित करेगी। विधायक संजय शाह टिमरनी की समिति के अध्यक्ष होंगे। हरदा विधानसभा की समिति के अध्यक्ष नगर पालिका अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन रहेंगे।

 

#Corona patients

Source : Agency

पाठको की राय