Sunday, October 25th, 2026

कोरोना संक्रमण खत्म नहीं हुआ, नागरिकों से टीका लगवाने मुख्यमंत्री की अपील

रायपुर
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सभी नागरिकों से टीका लगवाने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों में टीका ही कोरोना से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है। हालांकि प्रदेश में पिछले दो दिनों से एक लाख से अधिक लोग टीका लगवा रहे हैं, पर इस संख्या को बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से स्वयं और अपने परिजनों को टीका लगवाने के साथ ही दूसरे लोगों को भी टीकाकरण के लिए प्रेरित करने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से कहा है कि कोरोना की दूसरी लहर अब लगभग शांत हो चुकी है। संक्रमण-दर मात्र एक प्रतिशत के आसपास रह गई है। नए मरीज भी बहुत कम आ रहे हैं। राज्य में आर्थिक गतिविधियां फिर से तेज हो रही हैं। बाजारों की रौनक लौट रही है। इन सबके बीच हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि कोरोना का प्रकोप कम जरूर हुआ है, पर खत्म नहीं हुआ है। हमें कोविड अनुकूल व्यवहार को छोड?ा नहीं है। यह समय और अधिक सतर्क रहकर अपनी जिम्मेदारियां वहन करने का है।

बघेल ने प्रदेशवासियों को कोरोना के खतरों के प्रति आगाह करते हुए कहा कि दूसरी लहर में हमने बहुत कुछ खोया है। आर्थिक नुकसान तो हुआ ही, बहुत से प्रियजनों को भी कोरोना ने हमसे छीन लिया। यदि हम अब भी सचेत नहीं हुए तो तीसरी लहर को रोका नहीं जा सकेगा। टीका लगवाने में कोई खतरा नहीं है, बल्कि यह हमें भविष्य में होने वाले खतरे से बचाएगा। उन्होंने कहा कि शहरों और गांवों में लोग बड़े उत्साह से टीका लगवा रहे हैं। जितनी जल्दी हम टीका लगवाएंगे, उतनी जल्दी हम अपना भविष्य सुरक्षित करते जाएंगे। बघेल ने कहा कि टीका को लेकर किसी के भी मन में डर या आशंका नहीं होनी चाहिए क्योंकि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीका ही एकमात्र हथियार है।

 

#कोरोना संक्रमण

Source : Agency

पाठको की राय