Wednesday, October 21st, 2026

कमलनाथ के चुनावी दौरों को लेकर कोर टीम का खंडवा और रैगांव पर फोकस

भोपाल
खंडवा लोकसभा सहित तीन विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनावों की तारीख का ऐलान जल्द होने की संभावनाओं के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के जल्द ही चुनावी दौरे शुरू होंगे। कांग्रेस का सबसे ज्यादा फोकस खंडवा लोकसभा और रैगांव विधानसभा क्षेत्र पर होगा। ये दोनों ही लंबे समय से कांग्रेस के खाते में नहीं आ सके हैं। सूत्रों की मानी जाए तो कमलनाथ की कोर टीम इन दिनों प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के चुनावी दौरों को लेकर प्लान तैयार कर रही है। इसके जरिए कमलनाथ के खंडवा लोकसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा दौरे हो सकते हैं।

इस क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भी वे बैठक लेने और कार्यकर्ता सम्मेलन किए जाने की तैयारी में हैं। खंडवा लोकसभा में आने वाली कई विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा का कब्जा है, ऐसे में इन क्षेत्रों से कांग्रेस को बढ़त दिलाने के लिए कमलनाथ पूरी ताकत लगाने की तैयारी में हैं। यहां पर पार्टी ने अरुण यादव को भी सक्रिय कर दिया है। कांग्रेस की ओर से उनका टिकट लगभग तय माना जा रहा है। इसी तरह सतना जिले की रैगांव विधानसभा पर भी कमलनाथ का ज्यादा फोकस रहेगा।

यहां पर भी कमलनाथ उपचुनाव से पहले कार्यकर्ता सम्मेलन करेंगे। चुनाव जीताने के लिए पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार सिंह को भी यहां पर सक्रिय किया जाएगा। इसके अलावा पृथ्वीपुर और जोबट से कांग्रेस को उम्मीद है कि वह पूर्व की तरह ही बेहतर प्रदर्शन कर भाजपा को परास्त कर सकती है। हालांकि इन दोनों सीटों पर भी कमलनाथ चुनावी दौरे करेंगे।

 

#Kamal Nath

Source : Agency

पाठको की राय