Friday, October 23rd, 2026

नजीराबाद में फसल को काटने को लेकर विवाद, देर रात कर दी महिला की हत्या

भोपाल

भोपाल के नजीराबाद इलाके में ग्राम कढ़ैया खेड़ा में घर के बरामदे में सो रही महिला की कुल्हाड़ी, पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। हत्या उसके परिवार के करीबी सदस्यों ने की है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि डेढ़ एकड़ जमीन में लगी सोयाबीन की फसल काटने को लेकर विवाद चल रहा है। बुधवार सुबह महिला के बेटे से आरोपी पक्ष के लोगों के बीच इसको लेकर विवाद हुआ था। देर रात आरोपियों ने बेटे से विवाद का बदला लेने उसकी मां की हत्या कर दी। फिलहाल, आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

थाना प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि ग्राम कढ़ैया निवासी 60 वर्षीय कंचन बाई पत्नी स्व.धूर सिंह की डेढ़ एकड़ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। बुधवार को कंचन का बेटा विनय खेत में सोयाबीन काटने पहुंचा। जहां, परिवार के सदस्य जीतेन्द्र, दिलीप, गब्बर, नारायण, नेम सिंह का उसका विवाद हो गया। विवाद के बाद दोनों पक्ष अपने-अपने घर आ गए। बुधवार रात कंचन बाई घर के बाहर बरामदे में सोई हुई थी। गुरुवार सुबह जब उसका बेटा विनय घर के बाहर निकला तो मां खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ी मिली। उसकी मौत हो चुकी थी। उसने तुरंत ही पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस की जांच में सामने आया कि महिला के शरीर में कुल्हाड़ी, पत्थर मारकर हत्या की गई है।

जगन्नाथ ने 20 साल पहले जमीन अपने नाम कराई

पुलिस की जांच में सामने आया कि विवादित जमीन महिला के परिवार के ही जगन्नाथ ने करीब 20 साल पहले करा ली थी। हालांकि कब्जा महिला का ही था। सालभर पहले जब महिला के पति की मौत हो गई थी तो जगन्नाथ के लड़के जमीन पर अपना हक जमाने लगे। जगन्नाथ के लड़कों का कहना था कि उसके पिता के नाम से जमीन है। जबकि महिला के बेटे का कहना है कि जगन्नाथ ने चुपके से जमीन अपने नाम करा ली थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

 

#नजीराबाद में फसल

Source : Agency

पाठको की राय