Wednesday, October 21st, 2026

कांग्रेस की बढ़ती मुश्किलें, अमिताभ मंडलोई को खंडवा से चुनाव लड़ाने के प्रयास

भोपाल
प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव के खंडवा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने से इंकार करने के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री भगवंत राव मंडलोई के पोते अमिताभ मंडलोई को इस सीट से चुनाव लड़ाने के प्रयास पार्टी ने तेज कर दिए हैं। हालांकि वे भी लोकसभा का एक चुनाव लड़ चुके हैं और इस सीट से हार चुके हैं, इधर अरुण यादव क्षेत्र के लगातार दौरे पर हैं।

सूत्रों की मानी जाए तो अमिताभ मंडलोई से कांग्रेस के कुछ नेताओं से संपर्क किया और उन्हें चुनाव लड़ने के लिए राजी करने का प्रयास किया है। वहीं खंडवा लोकसभा चुनाव के प्रभारी मुकेश नायक को अरुण यादव को मनाने की जिम्मेदारी सौंपी है, नायक और अरुण यादव की बातचीत हो चुकी है। जिसमें अरुण यादव ने यह साफ कर दिया है कि वे कांग्रेस के चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत और क्षमता से पार्टी का साथ देंगे। अमिताभ मंडलोई को कांग्रेस ने वर्ष 2004 में इस सीट से टिकट दिया था, लेकिन वे नंद कुमार सिंह चौहान से हार गए थे। इसके बाद अगले चुनाव में मंडलोई की जगह पर इस सीट से अरुण यादव को टिकट दिया गया था।

सूत्रों की मानी जाए तो अरुण यादव के इस निर्णय के बाद एक महाकौशल क्षेत्र के एक नेता ने उन्हें मनाने का प्रयास किया, लेकिन अरुण यादव अपने फैसले पर अडिग रहे। प्रदेश की राजनीति में कमलनाथ के खिलाफ अपने तेवर दिखा चुके एक अन्य नेता ने भी उनसे इस संबंध में मोबाइल फोन पर बात की।

सूत्रों की मानी जाए तो अरुण यादव चाहते थे कि चुनाव से पहले उनके हिसाब से खंडवा लोकसभा क्षेत्र के ब्लॉक अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों को नियुक्त किया जाए, लेकिन उनके निर्णय तक आधे से ज्यादा ब्लॉकों में पीसीसी ने अध्यक्ष नहीं बनाए थे। वहीं वे विधायक दल की बैठक में झूमा सोलंकी के बयान से भी नाराज चल रहे थे। इसके अलावा सुरेंद्र सिंह शेरा के लगातार आ रहे बयान से भी वे नाराज थे। अरुण यादव के विरोधी गुट के माने जाने वाले विधायक रवि जोशी को कमलनाथ खेमे में ज्यादा महत्व दिए जाने से भी वे खफा थे।

इस सीट पर अब कई दावेदारों के नाम उभर कर सामने आए हैं। इसमें मांधाता के पूर्व विधायक राजनारायण सिंह, विधायक झूमा सोलंकी के अलावा खंडवा महापौर का चुनाव लड़ चुकी सुनीता सिकरवार का नाम सामने आया है। वहीं निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा की पत्नी जयश्री ठाकुर भी इस सीट से दावेदार हैं।

 

#Congress

Source : Agency

पाठको की राय