अडानी समूह की वित्तीय अव्यवस्थाओं की जांच की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
राजनांदगांव
अमरीकी फर्म हिँडनबर्ग द्वारा अडानी समूह की वित्तीय अव्यवस्थाओं का खुलासा होने के बाद देश भर में कोहराम मचा हुआ है। इस बीच सोमवार को केंद्र सरकार से उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए रेल्वे स्टेशन रोड स्थित एलआईसी भवन के सामने कांग्रेसियों ने प्रदर्शन करते हुए मोदी सरकार पर आम लोगों की गाढ़ी कमाई के पैसे को एक उद्योगपति के हाथों सौंपने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
महापौर हेमा देशमुख ने कहा कि एलआईसी और एसबीआई में आम आदमी से लेकर उद्योगपतियों ने निवेश किया है। यह दुर्भाग्य है कि देश के प्रधानमंत्री अड़ानी को आर्थिक रूप से बढ़ाने के लिए अनैतिक आधार पर लोगों की खून पसीने की कमाई को सौंप दिया। अड़ानी मामले में कांग्रेस ने मोदी सरकार पर कई तरह के आरोप लगाए । हिंडनबर्ग फर्म द्वारा किए गए खुलासे को लेकर महापौर ने कहा कि इसमें और देरी होती तो देश की आर्थिक हालत बद से बदतर हो सकती थी। उधर एसबीआई के ब्रांच के सामने भी कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने आम जनता के पैसे को डुबाने के लिए केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। धरना देने वालों में प्रमुख रूप से श्रीकिशन खंडेलवाल, सूर्यकांत जैन, राजेश चौहान, शारदा तिवारी, आसिफ अली, अशोक फडऩवीस, महेश साहू, अमित चंद्रवंशी, विनय झा, मैहुल मारू, नरेश शर्मा, दुलारी साहू, समेत अन्य लोग शामिल थे।

पाठको की राय