Friday, October 23rd, 2026

सुभाष यादव की जयंती के अवसर पर कांग्रेस दिखाएंगी एकता और ताकत

भोपाल

पूर्व उपमुख्यमंत्री सुभाष यादव की जयंती एक अप्रैल को कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता खरगौन जिले में एक ही मंच पर दिखाई दे सकते हैं। उनकी जयंती पर कांग्रेस किसान एवं सहकारी सम्मेलन  करने जा रही है। किसान और सहकारिता के नेताओं के बीच में अपनी एकता दिखाकर प्रदेश के बड़े वर्ग को कांग्रेस साधेगी। 

इस सम्मेलन में किसान और सहकारिता के नेताओं को बुलाकर उन्हें फिर से सक्रिय करने की रणनीति पर कांग्रेस काम कर रही है। सुभाष यादव प्रदेश के किसान एवं सहकारिता के बड़े नेताओं में शुमार थे। उनसे प्रदेश के किसान और सहकारिता के अधिकांश नेता सीधे जुड़े हुए हैं। जिनमें से अब कई नेता सक्रिय नहीं हैं। उनकी जयंती पर खरगौन के सरवरदेवला में किसान एवं सहकारी सम्मेलन आयोजित कर सभी किसान और सहकारिता के नेताओं को बुलाया जा रहा है। इस दिन उनकी प्रतिमा का भी अनावरण किया जाएगा।

नाथ, दिग्विजय, पचौरी, तन्खा भी होंगे शामिल
बताया जाता है कि इस सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्वियज सिंह, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी जेपी अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी,राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया और सुभाष यादव के पुत्र एवं प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव इसमें शामिल होंगे।

नाथ विद्यार्थियों से करेंगे संवाद
इस आयोजन से पहले कमलनाथ यहां के एक इंजीनियरिंग कॉलेज के विद्यार्थियों से भी सीधा संवाद करेंगे। कॉलेज के छात्रों से इस तरह का संवाद निवाड़ क्षेत्र में पहली बार कमलनाथ करेंगे। इसके बाद वे सुभाष यादव की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।

 

#सुभाष यादव

Source : Agency

पाठको की राय