Saturday, October 24th, 2026

महंगाई, बेरोजगारी, अग्निपथ योजना, आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी के खिलाफ 5 को कांग्रेस करेगी राजभवन का घेराव

रायपुर
देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, अग्निपथ योजना, आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी लगाये जाने के विरोध में 5 अगस्त को राजधानी रायपुर के अंबेडकर चौक में प्रात: 11 बजे विशाल धरना प्रदर्शन के पश्चात राजभवन घेराव किया जायेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम व प्रदेश के वरिष्ठ नेतागण उपस्थित रहेंगे। ग्राम स्तर से लेकर जिला स्तर तक के कांग्रेस पार्टी के सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधि अपने ब्लॉक तथा जिला मुख्यालय में प्रदर्शन कर सामूहिक गिरफ्तारी देंगे। राजभवन घेराव में सभी विधायक, पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ नेता भाग लेंगे और सामूहिक गिरफ्तारी देंगे। लोकसभा और राज्यसभा के सांसद गण संसद से राष्ट्रपति भवन तक चलो राष्ट्रपति भवन मार्च करके महंगाई एवं बेरोजगारी के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे। दिल्ली में कांग्रेस पार्टी प्रधानमंत्री आवास घेराव करेगी, जिसमें सीडब्ल्यूसी के सदस्य गण एवं वरिष्ठ नेता गण शामिल होंगे।

मरकाम ने कहा कि देश में महंगाई रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। पेट्रोल, एलपीजी से लेकर दालें, कुकिंग आॅयल जैसी जरूरी चीजों की बढ़ी कीमतों ने आम लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। प्री-पैकेज्ड अनाज, आटा, शहद, दही जैसी आवश्यक वस्तुओं पर अतार्कित ढंग से जीएसटी लगाने के कारण महंगाई और बढ़ी है। साथ ही देश में बेरोजगारी भी अप्रत्याशित रूप से आसमान छू रही है। गांवों में, शहरों में, संगठित क्षेत्र में, असंगठित क्षेत्र में हर जगह बेरोजगारी ने विकराल रूप धारण कर रखा है। देश ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों, औपचारिक और अनौपचारिक क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी देख रहा है। इसके अलावा, विवादास्पद, खराब कल्पना और जल्दबाजी में तैयार की गई अग्निपथ योजना, जिसमें कई जोखिम हैं, न केवल सशस्त्र बलों की लंबे समय से चली आ रही परंपराओं और लोकाचार को नष्ट कर दिया है, बल्कि लाखों बेरोजगार युवाओं की आकांक्षाओं को भी नष्ट कर दिया है। कांग्रेस पार्टी सदन से सड़क तक केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं रिकार्ड तोड़ महंगाई एवं बेरोजगारी के खिलाफ आवाज बुलंद कर रही है।

 

#Agneepath scheme#GST

Source : Agency

पाठको की राय