Wednesday, October 21st, 2026

आज जोबट में कांग्रेस ने शुरू की तैयारी, 29 को कमलनाथ लेंगे नेताओं की बैठक

भोपाल
प्रदेश कांग्रेस अब उपचुनाव की तैयारियों में जुटी गई है। इसके चलते प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने 29 जुलाई को भोपाल में उपचुनाव वाले विधानसभा क्षेत्र के  नेताओं और जिले के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक बुलाई है। इस बैठक से पूर्व आज से जोबट विधानसभा में कांग्रेस ने उपचुनाव की जमावट शुरू कर दी है। शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली पर पहुंचकर कांग्रेस आज से यहां पर ग्राउंड लेवल पर जुट रही है।

कांग्रेस ने जोबठ का प्रभारी विधायक रवि जोशी, रैगांव का प्रभारी लखन घनघोरिया और पृथ्वीपुर का प्रभारी प्रवीण पाठक को बनाया है। इन तीनों प्रभारियों के साथ ही इन क्षेत्रों के प्रमुख नेता और जिला एवं ब्लॉक अध्यक्षों को 29 जुलाई को भोपाल बुलाया गया है। कमलनाथ इस बैठक में उपचुनाव को लेकर रणनीति बनाएंगे। इसके बाद सर्वे कराकर उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया की जाएगी।

कांग्रेस इन तीनों क्षेत्रों में पूर्व से ही अपने उम्मीदवार घोषित कर देगी, ताकि यहां पर काम करने के लिए समय मिल सके। खासकर रैगांव सीट पर कांग्रेस का ध्यान ज्यादा रहेगा।

अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर उनकी जन्मस्थली पर आज कांग्रेस के नेता पहुंचे। कांग्रेस के राष्टÑीय सचिव कुलदीप इंदौरा और जोबट विधानसभा के प्रभारी बनाए गए विधायक रवि जोशी चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली पहुंचे। दोनों ने उन्हें पुष्पाजंलि अर्पित की। इसके बाद दोनों नेताओं ने जोबट विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं और नेताओं की बैठक ली।

बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया भी मौजूद थे। बैठक में कार्यकर्ताओं से दावेदारों को लेकर राय ली जा सकती है। वहीं विधानसभा क्षेत्र के हर घर तक पहुंचने के लिए भी इस बैठक में रणनीति बनाई जाएगी।

 

#Congress

Source : Agency

पाठको की राय