कांग्रेस ने उठाई किसान कर्ज माफी की मांग
भोपाल
कोरोना संक्रमण के भीषण दौर में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ ने किसान कर्ज माफी की मांग फिर से उठाई है। उन्होंने कहा है कि इस संकट काल में किसान पहले से ही दोहरी मार झेल रहे है और बड़े संकट से गुजर रहे है। यह समय है कि शिवराज सरकार को किसानों को तत्काल राहत प्रदान करना चाहिये और उनके लिए तत्काल राहत भरे निर्णय लेना चाहिये एवं राहत भरे कदम उठाये जाना चाहिये।
उन्होंने कहा कि उन्होंने पूर्व में भी सरकार से मांग की थी कि किसानों के खातों में एकमुश्त राशि डालकर इस संकट काल में किसानों को सरकार की ओर से तत्काल राहत प्रदान की जाना चाहिये लेकिन अभी तक शिवराज सरकार ने इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया है ? सरकार को चाहिए कि वे किसानों का कर्ज माफ करें। यदि इस संकट काल में भी शिवराज सरकार किसानो के कर्ज को माफ नहीं करती है , किसानो के हित में निर्णय नहीं लेती है तो कम से कम कर्ज भुगतान की तारीख को ही अनिश्चित काल के लिए स्थगित करने का निर्णय लेकर उन्हें थोड़ी तो राहत प्रदान करे।
नाथ ने कहा कि जिस प्रकार से गेहूं खरीदी की तारीख को भी मात्र चंद दिनों के लिए आगे बढ़ाया गया है, वह भी किसानों के हित में नहीं है? यदि सरकार को किसानों की चिंता है तो इस गेहूं खरीदी की तारीख को भी उस समय तक के लिए बढ़ाया जाए, जब तक किसानों का गेहूं का एक-एक दाना खरीद नहीं लिया जाता क्योंकि वर्तमान कोरोना महामारी में खरीदी केंद्रों पर अव्यवस्थाओं का अंबार है।

पाठको की राय