Wednesday, October 21st, 2026

कांग्रेस नेता और पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा

चंडीगढ़
कांग्रेस नेता और पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले आप पार्टी के नेता मीटिंग करते हैं, लेकिन इनसे किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो पाता। साथ ही उन्होंने अरविंद केजरीवाल की रिहाई पर हाई कोर्ट से रोक लगने के बाद चुटकी ली।

चन्नी ने कहा कि आज पंजाब के पश्चिमी इलाके में गंदा पानी आ रहा है। दो साल हो गए, आप पार्टी की सरकार को सत्ता में आए, लेकिन इनकी सरकार ने किसी भी ट्यूबवेल की मरम्मत नहीं की। इलाके का पानी इतना गंदा है कि कोई इससे नहा भी नहीं सकता, पीने की बात तो दूर।

चन्नी ने कहा कि इसी तरह गलियों में सीवरेज का गंदा पानी बह रहा है। आप पार्टी को चाहिए था कि सवा दो साल में वह जनता के लिए कुछ बेहतर सोचे, लेकिन मान सरकार ने ऐसा नहीं किया। चन्नी ने कहा कि अब इस पार्टी के नेताओं को हराने का समय आ गया है। चन्नी ने कहा कि दो साल में इनकी सत्ता के दौरान लूटपाट, नशा सहित कई बुरे काम काफी बढ़ गए हैं, लेकिन इनका लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह फेल है।

वहीं केजरीवाल की जमानत को लेकर चन्नी ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि उन्हें पता लगा है कि बॉर्डर पर लड़ाई लड़ने के लिए सीएम केजरीवाल गए हुए थे और वहां पर जीत हासिल हुई तो वह वापिस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी वापसी को लेकर पटाखे चलाए जा रहे थे कि रास्ते में ही पता चला कि अभी लड़ाई और बाकी है, जिसके चलते उन्हें वापस बुला लिया गया।

बता दें कि केजरीवाल को दिल्ली की निचली अदालत ने गुरुवार को जमानत दे दी थी, लेकिन शुक्रवार को हाई कोर्ट ने उनकी रिहाई पर रोक लगा दी। चन्नी इसी बात का मजाक उड़ा रहे थे। चन्नी ने कहा कि 100 चूहे खाकर बिल्ली हज को जा रही है। कौन सा ऐसा काम करके लौट रहे थे कि कार्यकर्ताओं ने पटाखे जलाने शुरू कर दिए थे।

 

#Charanjit Singh Channi

Source : Agency

पाठको की राय