Friday, October 23rd, 2026

चयनित अधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएँ : कृषि मंत्री पटेल

भोपाल :
किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने चयनित कृषि अधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा है कि मैदानी अमले में वृद्धि किसान के आर्थिक सशक्तिकरण में सहायक होगी। संचालक कृषि श्रीमती प्रीति मैथिल नायक के मार्गदर्शन में 772 चयनित अधिकारियों के अभिलेख सत्यापन का कार्य 23 मार्च से प्रारंभ हुआ है। सत्यापन का कार्य आगामी 28 मार्च तक चलेगा। सत्यापन के बाद विभाग में शीघ्र ही नियुक्ति प्रदान की जायेगी।

मंत्री पटेल ने कहा है कि विभाग में भर्ती से कृषि स्नातक युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। साथ ही कृषि विकास को और अधिक उन्नत करने तथा किसानों की आमदनी को दोगुना करने में भी मदद मिलेगी। इससे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के सपने को साकार करने में भी गति मिलेगी। संचालक कृषि ने बताया है कि विभाग द्वारा 705 ग्रामीण कृषि विकास अधिकारियों और 67 वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारियों की भर्ती की गई है। उन्होंने बताया कि राज्य कृषि विस्तार एवं प्रशिक्षण केन्द्र में अभिलेख सत्यापन के प्रथम दिवस बुधवार को 200 नव-नियुक्त अधिकारियों को आमंत्रित किया गया था। सत्यापन की प्रक्रिया 28 मार्च तक चलेगी। इस संबंध में सभी को अवगत करा दिया गया है।

अभिलेखों का सत्यापन के लिए अधिकारियों के 5 दल बनाये गए हैं। सत्यापन में सहूलियत के लिए अलग अलग चरणों में सॉफ्टवेयर के माध्यम से एंट्री की जा रही है। वेटिंग में बैठने पर पहले चरण की एंट्री। दूसरे चरण में कैंपस में प्रवेश। तीसरे चरण में बायो मैट्रिक टेस्ट और सत्यापन कक्ष में प्रवेश। चौथे चरण में सत्यापन पूर्ण होने की एंट्री की जा रही है।

 

 

#कृषि मंत्री पटेल

Source : Agency

पाठको की राय