Sunday, October 25th, 2026

आगामी 1 सप्ताह में एएनसी सर्वे का कार्य गंभीरतापूर्वक पूर्ण करें- हर्षिका सिंह

मंडला
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की बैठक ली। बैठक में उन्होंने आरसीएच पोर्टल, एएनसी रजिस्ट्रेशन, एनीमिया आईडेंटिफिकेशन, सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की बिंदुवार समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि सभी बीएमओ को निर्देशित किया कि आगामी 1 सप्ताह में अपने क्षेत्र के एएनसी सर्वे का कार्य गंभीरतापूर्वक पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि इसके लिए अपने क्षेत्र की एएनएम एवं आशा की टीम बनाकर सर्वे पूर्ण कराएं। कलेक्टर ने कहा कि एएनसी के सर्वे एवं डाटा के संधारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिला बाल विकास विभाग के साथ समन्वय बनाते हुए सभी ब्लॉकों में आगामी 1 सप्ताह में एएनसी का रजिस्ट्रेशन पूर्ण करे। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, सीएमएचओ डॉक्टर सिंह सहित सभी बीएमओ एवं स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य बैठक में निर्देशित किया कि एनिमीया आईडेंटिफिकेशन का कार्य जिले में गंभीरतापूर्वक पूर्ण किया जाए। उन्होंने सभी बीएमओ को निर्देशित किया कि क्षेत्र के एएनएम एवं आशा को इस संबंध में लक्ष्य देते हुए एनीमिया आईडेंटिफिकेशन का कार्य पूर्ण कराएं। श्रीमती सिंह ने इसके पूर्व ब्लॉकवार महिला एवं शिशु स्वास्थ्य की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि महिला एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर करना जिला प्रशासन की सर्वोच्‍च प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने महिला स्वास्थ्य के कार्य में बेहतर प्रदर्शन नहीं करने वाले नैनपुर बीएमओ एवं उनकी टीम को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी बीएमओ को निर्देशित किया कि महिला एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में मंडला जिले की प्रगति प्रदेश में सराहनीय होना चाहिए तथा इसके लिए सभी को टीम के रूप में कार्य करना होगा। उन्होंने महिला स्वास्थ्य के संबंध में पोर्टल पर की जाने वाली एंट्री की भी ब्लॉकवार समीक्षा की। उन्होंने बीजाडांडी बीएमओ से एंट्री के संबंध में तकनीकी समस्या पर सवाल किए। उन्होंने कहा कि बीजाडांडी बीएमओ अपने क्षेत्र की एएनएम एवं आशा की बैठक बुलाये एवं उनसे शत-प्रतिशत डेटा फीडिंग का कार्य पूर्ण कराएं।

 

#Harshika Singh

Source : Agency

पाठको की राय