Wednesday, October 21st, 2026

प्रसाद योजना में पर्यटन विकास कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करें: अध्यक्ष गोंटिया

भोपाल

मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष विनोद गोंटिया ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण कार्य पर बल देते हुए सभी विकास कार्यों को समय पर पूर्ण करें। अध्यक्ष गोंटिया अमरकंटक, अनूपपुर प्रवास पर भारत सरकार पर्यटन मंत्रालय द्वारा प्रसाद योजनांतर्गत अमरकंटक विकास हेतु लगभग 49 करोड़ रुपये के स्वीकृत कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि अमरकंटक स्थित कपिलधारा एवं रामघाट दक्षिण तट पर वन भूमि में निर्माण के लिए आवश्यक अनुमति शीघ्र प्राप्त कर कार्य प्रारम्भ करें।

गोंटिया ने भारत सरकार पर्यटन विभाग द्वारा तीर्थ स्थानों के विकास हेतु महत्वाकांक्षी योजना ‘प्रसाद’ के अंतर्गत माँ नर्मदा उद्गम मंदिर, रामघाट, माई की बगिया, सोनमूड़ा, कपिलधारा एवं मेला ग्राउण्ड, रामघाट में केबिल ब्रिज (झूला पुल) एवं सोनमूड़ा तथा कपिलधारा में ग्रास कैन्टीलीवर व्यू च्वाइस एवं माई की बगिया, कपिलधारा में पदयात्री पुल के साथ ही अन्य विकास व सौन्दर्यीकरण के स्थल एवं प्रगतिरत कार्यों का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर कलेक्टर सुसोनिया मीना, पर्यटन विकास निगम के मुख्य अभियंता डी.एस. यादव, वन मण्डलाधिकारी डॉ. ए. अन्सारी, एसडीएम पुष्पराजगढ़ अभिषेक चौधरी, पर्यटन विकास निगम के कार्यपालन यंत्री प्रशांत सिंह बघेल, पर्यटन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक के.एल. पटेल, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल संसाधन व लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री, वन विभाग के एसडीओ, नगर परिषद अमरकंटक के मुख्य नगरपालिका अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

#vinod gotiya1

Source : Agency

पाठको की राय