सीएम हेल्पलाइन में बिल ज्यादा आने की शिकायत करना पड़ा भारी, अफसरों ने काटी बिजली
जबलपुर
मुख्यमंत्री की सीएम हेल्पलाइन 181 में शिकायक करना एक उपभोक्ता को भारी पड़ गया। उसकी शिकायत का निदान तो नहीं हुआ उल्टा घर की बिजली कट गई। मामला बिजली विभाग का है। जहां अधिक बिजली बिल आने की शिकायत करने वाले उपभोक्ता पर अफसरों ने शिकायत वापस लेने का दवाब बनाया। वह नहीं माना तो बकाया बिल बताते हुए कनेक्शन काट दिया।
कुदवारी अमखेरा निवासी जगदीश प्रसाद नामदेव के मीटर आईवीआरएस नंबर 18250 321 16 कनेक्शन है। जगदीश नामदेव ने बताया कि उनके घर में मीटर की खपत अधिक आ रही थी। बिल ज्यादा होने की शिकायत लगातार विभाग में दी गई। वहां से जब निदान नहीं हुआ तो इस मामले में मुख्यमंत्री की हेल्पलाइन सेवा में शिकायत दी गई। बिजली अधिकारियों ने घर का मीटर परीक्षण के लिए भेजा। उन्होंने बिना जांच रिपोर्ट कहा कि मीटर सही है और वे अपनी शिकायत को वापस ले। उपभोक्ता ने जब उनकी नहीं सुनी तो बिजली का बिल बकाया बताकर उनके घर की बिजली बंद कर दी गई।
उपभोक्ता से कहा गया कि जब तक उसके द्वारा सीएम हेल्पलाइन से शिकायत वापस नहीं ली जाती है उनके घर की बिजली कनेक्शन नहीं जोड़ा जाएगा। इधर मामले में कार्यपालन अभियंता बीपी रैकवार ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो ये सहीं नहीं है। वहीं आधारताल दो के कनिष्ठ अभियंता अभिषेक चौकसे ने कहा कि उपभोक्ता का बकाया बिल होने के कारण कनेक्शन काटा गया। उन्होंने माना कि उन्हें पता नहीं था कि उनके परिसर में लगा मीटर जांच के लिए भेजा गया है। जैसे ही उन्हें इसकी जानकारी लगी दोबारा परिसर में बिजली कनेक्शन जोड़ने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने कहा कि जगदीश नामदेव के घर सामान्य खपत ही दर्ज हो रही थी इसके बावजूद उनके द्वारा अधिक बिल आने की शिकायत की जा रही है।

पाठको की राय