कमेटी का गठन फिर भी फंसा पेच? सिद्धू-चन्नी की बैठक पर बोले पंजाब के मंत्री- अब सब कुछ ठीक है
चंडीगढ़
पंजाब कांग्रेस में जारी कलह के मद्देनजर नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बीच मुलाकात से ऐसा लग रहा है कि अब बात बन गई है और सुलह का रास्ता साफ हो गया है। नवजोत सिंह सिद्धू और चन्नी के बीच बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री परगट सिंह ने कहा है कि पार्टी में सब कुछ ठीक है। दरअसल, पंजाब के मुख्यमंत्री ने नवजोत सिंह सिद्धू को गुरुवार को दोपहर में बातचीत करने के लिए बुलाया था। पंजाब भवन में करीब तीन घंटे तक दोनों नेताओं के बीच मंथन हुआ, जिसमें परगट सिंह, पवन गोयल, कुलजीत नागरा और हरिश चौधरी भी शामिल थे।
नवजोत सिंह सिद्धू और चरणजीत सिंह के बीच चली बैठक के बाद परगट सिंह ने मीडिया से कहा कि सब ठीक है। हालांकि, अन्य सभी नेताओं ने बैठक को लेकर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। बता दें कि इस मंथन से यह बात निकल कर सामने आई कि सिद्धू अपने पद पर बने रहेंगे और पार्टी एक समन्वय समिति का गठन कर सकती है, जिसके साथ पंजाब सरकार द्वारा भविष्य में लिए जाने वाले बड़े फैसलों पर विचार-विमर्श किए जाने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि इस समिति में मुख्यमंत्री, सिद्धू और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) का एक प्रतिनिधि शामिल हो सकता है। सूत्रों ने बताया कि एआईसीसी इस बाबत घोषणा कर सकती है। हालांकि, इस बारे में अब तक तस्वीर साफ नहीं हो सकी है कि डीजीपी और महाधिवक्ता की नियुक्ति को लेकर उभरे मतभेद से कैसे निपटा जाएगा?

पाठको की राय