Friday, October 23rd, 2026

बालिका छात्रावास में महिला अधीक्षक की ड्यूटी लगाने कलेक्टर के निर्देश

राजनांदगांव
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि जिले के सभी जर्जर स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केन्द्र एवं अन्य शासकीय भवन के संबंध में शीघ्र जानकारी उपलब्ध कराएं। ऐसे शासकीय भवन जो क्षतिग्रस्त है, उनकी मरम्मत कराएं तथा ऐसे जर्जर भवन जो मरम्मत के योग्य नहीं है, वहां कार्यालय न लगाएं। उन्होंने सभी एसडीएम से कहा कि जर्जर भवनों के संबंध में सभी बीएमओ, बीईओ एवं सीडीपीओ से प्रमाण पत्र प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से मृत्यु होने वाले व्यक्तियों के परिजनों को आपदा राहत मद से राशि दी जानी है। इसके लिए प्राथमिकता से कार्य करें। जिले में कोविड-19 से 515 लोगों की मृत्यु हुई है। अन्य जिले का निवासी होने की स्थिति में संबंधित जिले से ही दावा राशि प्राप्त होगी।

उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम आश्रम एवं छात्रावासों का निरीक्षण करें तथा विशेष रूप से बालिका छात्रावास में महिला होमगार्ड की ड्यूटी लगाएं। बालिका छात्रावास में महिला अधीक्षक की ड्यूटी लगाएं। उन्होंने कहा कि जिले के 74 छात्रावासों का निरीक्षण करें। उन्होंने आदिवासी विभाग को निरीक्षण के लिए ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता महत्वपूर्ण है और इससे समझौता नहीं किया जाएगा। सभी निर्माण विभाग भवनों एवं सड़कों का निरीक्षण करें। गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी। उक्त बातें कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कही।

 

#girl

Source : Agency

पाठको की राय