Monday, October 26th, 2026

कलेक्टर का फरमान, सोशल मीडिया पर पब्लिक को दो जवाब

भोपाल
नरसिंहपुर कलेक्टर ने जिले के सभी अधिकारियों को विभाग के नाम पर अकाउंट बनाने और पब्लिक की शिकायतों के समाधान और सवालों के जवाब देने के लिए कहा है। ऐसा न करने वाले अफसरों पर कार्यवाही के लिए जवाबदेही तय की जाएगी। कलेक्टर खुद अपने एकाउंट पर इसे मानिटर करेंगे। कलेक्टर रोहित सिंह का यह फरमान विभाग के अफसरों के बीच चर्चा में है कि उन्हें अब सड़क, बिजली, पानी, राशन जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के साथ सोशल मीडिया पर भी एक्टिव होना पड़ेगा।

कलेक्टर द्वारा समय सीमा बैठक के दौरान ये निर्देश जिले के अफसरों को दिए गए हैं। इसमें कहा गया कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक, ट्विटर पर आने वाली शिकायतों पर संबंधित विभाग के अधिकारी विशेष रूप से ध्यान दें। विभाग के नाम से सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अकाउंट बनाएं। संबंधित अधिकारी कलेक्टर नरसिंहपुर के फेसबुक पेज एवं कलेक्टर नरसिंहपुर के ट्विटर अकाउंट पर आने वाली शिकायतों पर अपना जवाब प्रस्तुत करेंगे। शिकायत पर जवाब रिप्लाइ के तौर पर किया जाए। जवाब समाधानकारक हो, अधिकारी यह सुनिश्चित हो। किसी समस्या के निराकरण में अगर समय लग रहा है तो इसकी भी पोस्ट उस शिकायत के जवाब में अधिकारी देंगे। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं की जाए। अफसर इसके लिए खुद ही जिम्मेदार होंगे।

पहले भी फेसबुक पर मांगी थी समस्या की जानकारी
इसके पहले भी जिले के लोगों से फेसबुक पर समस्याओं की जानकारी मांगी गई थी। इसमें पेयजल संकट, जल भराव, साफ सफाई की कमी और अन्य समस्याओं को कोड करने के लिए कहा गया था। कुछ समय तक तो इसे अफसरों ने ध्यान में रखा लेकिन बाद में इस पर काम बंद हो गया। अब एक बार फिर कलेक्टर का फरमान अधिकारियों के बीच चर्चा में है।

 

Source : Agency

पाठको की राय