स्थानीय निकाय चुनाव में छात्रों को कैम्पस एंबेसडर बनाएंगे कलेक्टर
भोपाल
स्थानीय निकाय चुनाव में राज्य निर्वाचन आयोग इस बार यूथ को मौका देने के लिए उन्हें कैम्पस एंबेसडर बनाने की तैयारी में है। इसको लेकर कलेक्टरों को दिए निर्देश में कहा गया है कि वोटिंग के लिए मतदाताओं को प्रेरित करने स्थानीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों से कुछ विद्यार्थियों को कैम्पस एंबेसडर बनाया जाए। इसके बाद अब कलेक्टर जिलों में इसकी तैयारी में जुट गए हैं।
आयोग ने कहा है कि कैम्पस एम्बेसडर का चयन जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा उनकी निष्पक्ष, स्वच्छ एवं गैर राजनैतिक छवि को चिन्हित कर किया जाए। एम्बेसडर का चयन महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों के प्राचार्य, उप कुलपति द्वारा प्रदान की गई सूची के आधार पर किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी अपने स्तर पर एनसीसी / एन.एस.एस. के सहयोग से भी नियुक्ति कर सकते हैं। कैम्पस एम्बेसडर का चयन केवल एक शैक्षणिक सत्र के लिए किया जाएगा। कोएड कालेज में 2 कैम्पस एम्बेसडर (एक छात्र एवं एक छात्रा) का चयन किया जाएगा।
राजनीतिक गतिविधि से रहना होगा दूर
इस दौरान यह ध्यान रखना होगा कि एम्बेसडर की सम्बद्धता किसी भी राजनैतिक दल में न हो। वह किसी राजनैतिक गतिविधि में नहीं होना चाहिए। इस संबंध में संस्था प्रमुख कैम्पस एम्बेसडर से एक घोषणा-पत्र प्राप्त करेंगे। उसके विरुद्ध आचरण एवं व्यवहार संबंधी किसी भी तरह की शिकायत प्राप्त होने की स्थिति में संस्था प्रमुख तत्काल जांच कर उपयुक्त कार्यवाही करेंगे। पुलिस वेरीफिकेशन के बाद ही जिला प्रशासन इसे अंतिम रूप देगा।
यह करना होगा एंबेसडर को
कैम्पस एम्बेसडर मतदाताओं को मतदान की प्रक्रिया तिथियों तथा आयोग द्वारा किए गए विभिन्न नवाचारों आदि की जानकारी देंगे। स्कॉउट-गाईड, राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर एवं अशासकीय संगठनों के साथ समन्वय कर मतदाता जागरुकता में उनका सहयोग प्राप्त करेंगे। मतदाता जागरूकता अभियान की गतिविधियों के संचालन के लिए सक्रिय सदस्यों का एक दल बनाकर मतदाताओं को जागरुक करेंगे। जिला स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कैम्पस एम्बेसडर को चिन्हित कर उनके नाम की अनुशंसा की जाएगी तथा राष्ट्रीय पर्व पर आयोजित समारोह में प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

पाठको की राय