Tuesday, October 20th, 2026

धन्वंतरि जेनेरिक मेडिकल स्टोर का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

कोरिया
कलेक्टर  कुलदीप शर्मा ने मनेन्द्रगढ़ स्थित धन्वंतरि जेनेरिक मेडिकल योजना के तहत स्थापित मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। राज्य शासन द्वारा शुरू की गई जनहितैषी धन्वंतरि जेनरिक मेडिकल योजना के तहत लोगों को रियायती दर पर सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयों के रूप में अच्छी स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त हो रही है। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रभा पटेल, उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी भी मौजूद रहे।

कलेक्टर शर्मा ने मेडिकल स्टोर संचालक को स्टोर के बाहर उपलब्ध दवाइयों के एमआरपी और छूट के पश्चात कीमत का उल्लेख करने के निर्देश दिए। जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक इस जनकल्याणकारी योजना की जानकारी पहुंचे। योजना के तहत दवाइयों के एमआरपी पर 58 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि आम लोगों की सुविधा के लिए जिले में भी मेडिकल स्टोर्स का संचालन किया जा रहा है। मेडिकल दुकानों में सर्दी, खासी, बुखार, ब्लड प्रेशर जैसी आम बीमारियों के साथ-साथ गंभीर बीमारियों की 251 दवाएं, एंटीबायोटिक, सर्जिकल आइटम भी उपलब्ध है। जिले में वर्तमान में 04 मेडिकल दुकानें संचालित है जिनमें नगर पालिका निगम चिरमिरी, नगर पालिका परिषद बैकुंण्ठपुर, नगरपालिका परिषद शिवपुर-चरचा एवं नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ हैं, वहीं 3 दुकानें नगर पंचायत झगराखण्ड, नगर पंचायत नई लेदरी, नगर पंचायत खोंगापानी में प्रस्तावित हैं।

 

Source : Agency

पाठको की राय