Friday, October 23rd, 2026

कलेक्टर ने दिव्यांगों का डोर टू डोर सर्वेक्षण करने अधिकारियों को दिए निर्देश

रायपुर
कलेक्टर सौरभ कुमार ने समाज कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन के पत्र तथा माननीय उच्चतम न्यायालय में पारित आदेश के परिपालन में रायपुर जिला में दिव्यांगों के सर्वेक्षण कराए जाने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा की रायपुर जिले में दिव्यांगजनों का समय-सीमा में सर्वेक्षण कर उनकी दिव्यांगता के अनुसार गणना तथा उनकी आवश्यकताओं का आंकलन किया जाए।

कलेक्टर ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा उक्त सर्वेक्षण हेतु एकेडमी आॅफ मैनेजमेंट स्टडीज, लखनऊ उत्तर प्रदेश को अधिकृत किया गया है। कलेक्टर ने दिव्यांगजनों के सर्वेक्षण में संबंधित सर्वेक्षणकर्ता एजेंसी को आवश्यक सहयोग प्रदान करने एवं पर्यवेक्षण हेतु नगर निगम क्षेत्र में संबंधित आयुक्त नगर निगम, जनपद पंचायत स्तर पर संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी-जनपद पंचायत एवं नगरपालिका/नगर पंचायत क्षेत्र में संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है तथा जिला स्तर पर समाज कल्याण विभाग जिला कार्यालय रायपुर  के संयुक्त संचालक को  प्रभारी अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जिले के समस्त शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में दिव्यांगजनों का समय-सीमा में सर्वेक्षण हेतु व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार कर संबंधित एजेंसी को सर्वेक्षण कार्य में आवश्यक सहयोग प्रदान करने कहा है।

 

Source : Agency

पाठको की राय