Wednesday, October 21st, 2026

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ले रहे हैं वर्षा की स्थिति का जायजा, लोगों से आंगनबाड़ी भवनों और स्कूल भवनों में रहने की दी है सलाह

शहडोल
शहडोल जिले में अति वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर डाक्टर केदार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री कुमार प्रतीक ने अधिकारियों के दल के साथ आज शहडोल नगर एवं जिले के विभिन्न स्थानों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे निचली बस्तियों में रहने वाले नागरिकों और ग्रामीणों को सलाह दें कि निचली बस्तियों में पानी के भराव होने की स्थिति में नागरिक और ग्रामीण आंगनबाड़ी भवनों और स्कूल भवनों में रहने के लिए शरण ले सकते हैं।
कलेक्टर ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि अति वर्षा के कारण अगर उनके घरों में पानी का भराव हुआ हो तो ऐसे सभी परिवार आंगनबाड़ी भवनों और स्कूल भवनों में रह सकते हैं। कलेक्टर डॉक्टर केदार सिंह ने जिले के नागरिकों और ग्रामीणों को आस्वस्त किया है कि अति वर्षा की स्थिति में मध्य प्रदेश शासन नागरिकों के साथ है। इस स्थिति में नागरिकों और ग्रामीणों को सभी बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि वह निचली बस्तियों में रहने वाले लोगों से निरंतर संपर्क में रहे तथा जिन लोगों के घरों में पानी का भराव हो चुका है ऐसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाएं तथा उनके लिए स्वच्छ जल एवं भोजन आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। कलेक्टर ने शहडोल जिले के लोगों से अपील करते हुए कहा है कि जिले के नागरिक और ग्रामीण बाढ़ की स्थिति में नदियों और नालों को पार करने का प्रयास न करें।

 

#Collector and Superintendent of Police

Source : Agency

पाठको की राय