Tuesday, October 20th, 2026

कोल स्कैम : हाईकोर्ट में आईएएस रानू साहू की जमानत याचिका पर हुई अधूरी सुनवाई, अगली तारीख आठ जनवरी तय

बिलासपुर.

कोल स्कैम मामले में आईएएस रानू साहू की जमानत याचिका पर गुरुवार को बिलासपुर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। मामले में सुनवाई अधूरी रही और अगली सुनवाई आठ जनवरी को तय की गई है। जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास के सिंगल बेंच में मामले में  सुनवाई हुई है। बता दें कि रानू साहू जेल में बंद हैं और इससे पहले ईडी की लोवर कोर्ट से उनकी जमानत याचिका खारिज हुई थी। रानू साहू ने बिलासपुर हाईकोर्ट में भी जमानत याचिका दायर की थी और हाईकोर्ट से भी उन्हें जमानत नहीं मिली थी।

प्रवर्तन निदेशालय ने रानू साहू को इसी साल जुलाई में हिरासत में लिया था और तब से वह जेल में ही बंद हैं। ईडी की ओर से रानू साहू पर कथित कोयला घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। अब मामले की अगली सुनवाई आठ जनवरी को होगी।
वहीं, जेल में बंद आरोपियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ऑनलाइन पेशी हुई। इनके कोर्ट में गैरहाजिर रहने पर ED के वकील ने आपत्ति जताई तो जेल प्रशासन की ओर से फोर्स की कमी का हवाला दिया गया। मामले की अगली सुनवाई 6 जनवरी को होगी। आरोपी अगर अब कोर्ट में पेश नहीं होते तो जमानती वारंट जारी किया जाएगा।

बढ़ सकती है मुश्किलें
प्रदेश में चुनाव से पहले ईडी ने सालभर तक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया था। ईडी ने सरकार के करीबियों और अफसरों के ठिकानो पर लगातार छापेमारी भी की थी। फिलहाल समीर बिश्नोई, रानू साहू और सौम्य चौरसिया न्यायिक हिरासत में है। तीनों ही अफसर पूर्ववर्ती सरकार के काफी खास थे, ऐसे में माना जा रहा है कि अब सरकार बदलने के बाद इनकी मुश्किलें कम होने के बजाये बढ़ सकती है। चुनावों से पहले भाजपा ने दावा किया था कि सत्ता में लौटने पर सभी तरह के घोटालों की गंभीरता से जाँच कराई जाएगी। वही डॉ रमन सिंह ने संभावना जताई है कि प्रदेश में ईडी की कार्रवाई में तेजी आ सकती है।

 

#Coal scam#IAS Ranu Sahu

Source : Agency

पाठको की राय