Tuesday, October 20th, 2026

CNG-PNG के घटे दाम, ₹8 तक की हुई कटौती

 नई दिल्ली

गेल इंडिया की सब्सिडयरी महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने सीएनजी की कीमत में 8 रुपये प्रति किलो और घरेलू पाइप रसोई गैस की कीमत में 5 रुपये प्रति यूनिट तक की कटौती की है। आधी रात से प्रभावी हो रहे इस फैसले के बाद सीएनजी 79 रुपये प्रति किलो और पीएनजी 49 रुपये प्रति एससीएम के दाम पर मिलने लगेगी। इससे पहले, महानगर गैस लिमिटेड ने फरवरी में भी सीएनजी की कीमतों में 2.5 रुपये प्रति किलो की कटौती की थी। इसके बावजूद सीएनजी के दाम अप्रैल 2022 की तुलना में करीब 80 प्रतिशत तक अधिक बने हुए हैं।

बता दें कि महानगर गैस लिमिटेड ने यह कदम घरेलू स्तर पर उत्पादित प्राकृतिक गैस के मूल्य निर्धारण की नई व्यवस्था की घोषणा को ध्यान में रखते हुए उठाया है। इस बीच, पेट्रोलियम एवं गैस मंत्रालय के पेट्रोलियम योजना और विश्लेषण प्रकोष्ठ (पीपीएसी) ने एक आदेश में कहा कि आठ अप्रैल से 30 अप्रैल की अवधि के लिए प्राकृतिक गैस की कीमत 7.92 अमेरिकी डॉलर प्रति 10 लाख ब्रिटिश ताप इकाई (एमएमबीटीयू) होगी। हालांकि, उपभोक्ताओं के लिए दरें 6.5 डॉलर प्रति यूनिट पर सीमित कर दी गई हैं।

11 प्रतिशत तक कटौती का अनुमान: क्रिसिल रेटिंग्स के मुताबिक सरकार ने प्राकृतिक गैस के मूल्य निर्धारण फॉर्मूले को संशोधित किया है, जिससे सीएनजी और पाइपलाइन से आने वाली रसोई गैस की कीमतों में 9-11 प्रतिशत की कटौती होगी। इस फैसले से सरकार को अगले साल होने वाले आम चुनाव से पहले कीमतों को बढ़ने से रोकने में मदद मिलेगी।

 

 

#CNG-PNG

Source : Agency

पाठको की राय