सीएम योगी आज कानपुर और इटावा के दौरे पर
कानपुर
मुख्यमंत्री शनिवार को कानपुर व इटावा का दौरा करके कोविड का हाल जानेंगे। सीएम करीब पौने चार घंटे कानपुर और दो घंटा इटावा में रुकेंगे। कानपुर में वह कमांड सेंटर, जनप्रतिनिधियों व अफसरों के साथ समीक्षा व गांव का दौरा करेंगे। जारी मिनट टू मिनट कार्यक्रम के मुताबिक सीएम दोपहर दो बजे पुलिस लाइन हेलीपैड में सैफई से पहुंचेंगे। वह सीधे सर्किट हाउस जाकर आधा घंटा रुकेंगे। वहां से 2:40 बजे चलकर 2:55 पर वह नगर निगम के इंटीग्रेटेड कोविड कमांड सेंटर पहुंचकर वहां का निरीक्षण करेंगे। पूरी स्थितियों का जायजा लेकर सीएम 3:15 पर केडीए सभागार में पहुंचकर जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। वहीं पर ही इटावा को छोड़कर कानपुर मंडल के अन्य जिलों के अफसरों व डीएम के साथ वीडियोकांफ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा करेंगे। एक घंटे तक पूरी समीक्षा करेंगे।
केडीए सभागार से सीएम साढ़े चार बजे निकलकर एक गांव का भ्रमण करके निगरानी समिति व आशा बहुओं से बातचीत करेंगे। 4:50 से 5:25 बजे तक गांव का भ्रमण होगा। फिर गांव से निकलकर सीएम 5:45 पर पुलिस लाइन हेलीपैड से लखनऊ चले जाएंगे। इससे पहले सीएम सुबह 11:10 बजे सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर पहुंचेंगे। 11:15 से 12:15 तक सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के अफसर व जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा करेंगे। मीडिया ब्रीफिंग करेंगे। 12:30 बजे से 1:10 तक गांव का निरीक्षण करेंगे। 1:15 बजे सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के हेलीपैड से पुलिस लाइन कानपुर के हेलीपैड को रवाना हो जाएंगे।

पाठको की राय