भाजपा का नामांकन-प्रचार प्लान तैयार कांग्रेस अभी टिकट मंथन में ही उलझी
भोपाल
लोकसभा चुनाव के पहले चरण में होने वाले मतदान वाली सीटों पर नामांकन भरने का सिलसिला भाजपा बुधवार से शुरू करने जा रही है। प्रदेश में पहले चरण में 6 सीटों पर मतदान होना है। बुधवार को सीधी और शहडोल के उम्मीदवार अपना नाम निर्देशन पत्र जमा करेंगे। इस दौरान होने वाली रैली में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। वहीं मंडला, छिंदवाड़ा और बालाघाट में भी नामांकन भरे जाने का समय भाजपा ने तय कर लिया है। जबलपुर में भाजपा उम्मीदवार नामाकंन कब भरेंगे यह अभी तय होना बाकी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को पहले शहडोल जाएंगे, जहां पर वे पार्टी की उम्मीदवार हिमाद्री सिंह का नामांकन भरवाएंगे। इसके बाद वे सीधी जाएंगे जहां पर वे भाजपा उम्मीदवार डॉ. राजेश मिश्रा का नाम निर्देशन पत्र जमा करवाएंगे। नाम निर्देशन पत्र जमा होते ही यहां पर भाजपा पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतर जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री 22 मार्च को मंडला जाएंगे, यहां पर वे केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार फग्गन सिंह कुलस्ते का नाम निर्देशन पत्र जमा करवाएंगे। इस दौरान मंत्री सम्पतिया उईके सहित अन्य आदिवासी नेता भी रहेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री इस क्षेत्र के डिंडौरी में भी एक दौरा करेंगे और रानी अवंतीबाई की प्रतिमा स्थल पर भी जाएंगे।
छिंदवाड़ा में जुटेंगे भाजपा के दिग्गज नेता
इधर छिंदवाड़ा को जीतने के लिए भाजपा इस बार पूरी ताकत झोंकने जा रही है। छिंदवाड़ा से भाजपा उम्मीदवार विवेक साहू बंटी 27 मार्च को अपना नामांकन जमा करेंगे। उनका नामांकन जमा करवाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित भाजपा के कई नेता यहां पर जुट सकते हैं। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, नरोत्तम मिश्रा, कविता पाटीदार के अलावा भी कई अन्य नेता यहां पर भाजपा उम्मीदवार का नामांकन जमा करवाने के लिए पहुंच सकते हैं। इसी दिन बालाघाट में भी भाजपा उम्मीदवार भारती पारधी भी अपना नामांकन जमा करेंगी। यहां पर अभी मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय नहीं हुअ है। जबलपुर लोकसभा क्षेत्र के नेता मंगलवार शाम तक तय करेंगे कि वहां से उम्मीदवार आशीष दुबे किस दिन अपना नामांकन जमा करेंगे।

पाठको की राय