UPSC में MP के टापर्स का सम्मान करेंगे CM शिवराज, लाड़ली योजना का विस्तार संभव
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दुर्गा अष्टमी या दुर्गा नवमी के मौके पर प्रदेश की बेटियों के हित संरक्षण को लेकर नया ऐलान करने वाले हैं। बेटियों की सुरक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के मद्देनजर यह ऐलान लाड़ली लक्ष्मी योजना में विस्तार के जरिये किया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री यूपीएससी के टापर्स का सम्मान भी करेंगे। इसको लेकर मुख्यमंत्री सचिवालय ने तैयारी शुरू कर दी है। सीएम चौहान ने मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना में बेटियों को लखपति बनाने और उनके पढ़ाई का इंतजाम करने की व्यवस्था करने के साथ अब इसमें और बदलाव की तैयारी की है।
इसको लेकर सीएम चौहान की शासन द्वारा बनाई गई कमेटी के सदस्यों के साथ सोमवार को आडियो ब्रिज के जरिये चर्चा हुई है। इसमें यह बात सामने आई है कि लाड़ली लक्ष्मी योजना को विस्तार देते हुए बेटियों के भविष्य को लेकर सामने आए प्रस्तावों को योजना का रूप दिया जाएगा। इस पर सहमति बन गई है और इसके लिए ऐलान की तिथि 13 अक्टूबर दुर्गा अष्टमी या उसके अगले दिन दुर्गा नवमी हो सकती है। अधिकारियों को इसके लिए तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उधर सीएम चौहान ने यह भी तय किया है कि 12 या 13 अक्टूबर को यूपीएससी की परीक्षा में मध्यप्रदेश से टॉप करने वाले युवा प्रतिभागियों का सम्मान किया जाएगा। आडियो ब्रिज में चर्चा के दौरान सरकार की योजनाओं को आमजन से सीधे जोड़ने को लेकर और भी बदलाव के सुझाव दिए गए हैं। गौरतलब है कि पिछले माह घोषित हुए संघ लोक सेवा आयोग के परिणामों में प्रदेश के कई युवाओं ने बाजी मारी है। भोपाल की जागृति अवस्थी ने यूपीएससी में देश में दूसरा और बेटियों में पहला स्थान हासिल किया है।

पाठको की राय