Saturday, October 24th, 2026

कमिश्नर-कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में कमजोर परफॉर्मेंस की समीक्षा करेंगे CM शिवराज

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पांच माह बाद सोमवार को कलेक्टर, एसपी के काम काज की समीक्षा करेंगे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से होने वाली बैठक में सरकार की प्राथमिकता वाले कामों के क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के परफार्मेंस पर चर्चा होगी। वीडियो कांफ्रेंसिंग में कमजोर परफार्मेंस वाले अफसरों पर सीएम एक्शन भी ले सकते हैं। इसके साथ ही इस बैठक में जनकल्याण और सुराज अभियान के क्रियान्वयन पर भी सीएम अफसरों से बात करेंगे।

सीएम चौहान ने मार्च के बाद आई कोरोना की दूसरी लहर के कारण हर माह हो रही कलेक्टर, एसपी कांफ्रेंस को टाल दिया था। इसके बाद यह बैठक पिछले माह 23 अगस्त को बुलाना तय की गई लेकिन इसे बाद में 13 सितम्बर और फिर बीस सितम्बर तक के लिए टाल दिया गया था। अब सीएम चौहान कल सभी संभागों के आईजी और कमिश्नर के साथ भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये योजनाओं और प्राथमिकता वाले कामों की समीक्षा करेंगे। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में अन्न उत्सव, खाद-बीज की उपलब्धता के साथ कोरोना की संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर तीस सितम्बर तक जिलों में आक्सीजन प्लांट्स के अधूरे काम को पूरे कराने के मामले में अफसरों से मैदानी रिपोर्ट ली जाएगी। सीएम चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितम्बर से 7 अक्टूबर के बीच जनकल्याण और सुराज अभियान चलाने का फैसला लिया है। इसके लिए कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं। सीएम चौहान इसकी तैयारियों को लेकर भी कलेक्टरों को अलग से निर्देश देने वाले हैं।

प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के संकेत दे चुके सीएम चौहान ने पिछले दिनों खरगोन एसपी को हटा दिया था। अभी त्यौहारों का सीजन है और इस दौरान कानून व्यवस्था की समीक्षा में सांप्रदायिक सौहार्द्र बनाए रखने और घटनाओं के मामले में त्वरित एक्शन पर सीएम चर्चा करेंगे। बैठक में नीमच, खरगोन, रीवा, सतना समेत अन्य जिलों में मारपीट के वीडियो वायरल होने के बाद हुई पुलिस की किरकिरी पर भी चर्चा होगी।

इस बैठक को लेकर मुख्य सचिव कार्यालय ने कलेक्टरों को एजेंडा पहले ही जारी कर दिया है। इसमें आधा दर्जन से अधिक योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लिया जाएगा। इसके साथ ही सरकार के पास पहुंची योजनाओं के क्रियान्वयन में हीला हवाली की रिपोर्ट के आधार पर जिलावार समीक्षा कर जिलों की तय ग्रेडिंग के बारे में जानकारी दी जाएगी।

 

 

#CM Shivraj

Source : Agency

पाठको की राय