Saturday, October 24th, 2026

cm शिवराज ने कमलनाथ के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया

भोपाल

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के मैहर में दिए गए बयान पर सियासी तूफान खड़ा हो गया है. कमलनाथ ने आज सतना के मैहर में देवी दर्शन के बाद कहा कि भारत महान नहीं अब भारत बदनाम है. बयान आते ही सीएम शिवराज ने तीखी प्रतिक्रिया दी और कमलनाथ को कांग्रेस से निकालने की मांग पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से कर दी.

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ को कांग्रेस पार्टी से बाहर करने की मांग की है. उन्होंने कमलनाथ के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा वो अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं. और ऐसे व्यक्ति को भारत का नागरिक कहलाने का हक नहीं है. सीएम शिवराज ने कमलनाथ के बयान पर सोनिया गांधी और राहुल गांधी से अपना दृष्टिकोण साफ करने की मांग भी की. मुख्यमंत्री ने कहा यदि सोनिया गांधी इस मामले में अपना मत नहीं देती हैं तो साफ है कि वह कमलनाथ के बयान का समर्थन करती हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है.

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी कमलनाथ के बयान पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कमलनाथ पर देश विरोधी बयान देने का आरोप लगाया. शर्मा ने कहा कमलनाथ मानसिक दिवालियेपन के शिकार हो गए हैं. इसी कारण इस तरीके के बयान दे रहे हैं. मंत्री विश्वास सारंग ने भी कमलनाथ के बयान की निंदा करते हुए कहा वो आपदा में राजनीति करने का अवसर तलाश रहे हैं. मैहर की माता उनको सद्बुद्धि दें. वह ऐसे बयान ना दें जिससे भारत का सम्मान खराब होता हो.

कोरोना वायरस को इंडियन वैरियंट बताने पर कमलनाथ सुर्खियों में हैं. लेकिन अब कमलनाथ के नए बयान ने नया बवाल खड़ा कर दिया है. पूरी बीजेपी कमलनाथ के बहाने कांग्रेस पार्टी को घेर रही है.

 

Source : Agency

पाठको की राय