Saturday, October 24th, 2026

राज्यपाल मंगूभाई पटेल से मिले CM शिवराज सिंह, आदिवासी और डेवलपमेंट प्लान पर किया डिस्कसन

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात कर प्रदेश में सुशासन, विकास और जनकल्याण के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं पर चर्चा की। इनके बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू किए गए जनकल्याण और सुराज अभियान को लेकर भी चर्चा हुई। सीएम चौहान ने राज्यपाल से मुलाकात के दौरान उन्हें खासतौर पर आदिवासी वर्ग के लिए शुरू की गई योजनाओं और भावी योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि यह योजनाएं इन वर्गों के जीवन स्तर में बदलाव लाने की वाहक बनेंगी।

मुख्यमंत्री चौहान ने राज्यपाल पटेल से शिष्टाचार मुलाकात के दौरान प्रदेश में जनजाति कल्याण और सुराज अभियान के अंतर्गत संचालित की जाने वाली योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी। इसके साथ ही प्रदेश के विकास के लिए संचालित योजनाओं से विकास की स्थिति और हितग्राहियों को मिलने वाले लाभ से भी राज्यपाल पटेल को अवगत कराया गया। मुख्यमंत्री की राज्यपाल से कोरोना की वर्तमान स्थिति और कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों पर भी चर्चा हुई है। इसके साथ ही सुशासन, विकास और जनकल्याण के अन्य मामलों पर भी चर्चा कर प्रदेश की स्थितियों से अवगत कराया गया है।

सीएम चौहान और राज्यपाल के बीच मुलाकात के बीच राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह का बलिदान दिवस हर साल 18 सितंबर को मनाने पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही आदिवासी वर्ग के युवाओं को रोजगार देने के लिए एक वर्ष के भीतर जनजाति वर्ग के सभी बैकलॉग के रिक्त पद भरे जाने पर भी जानकारी दी गई। सीएम चौहान ने पेसा कानून के प्रावधानों को चरणबद्ध लागू करने की जानकारी देते हुए कहा कि अब सामुदायिक वन प्रबंधन समितियां वर्किंग प्लान के अनुसार हर साल का माइक्रो प्लान बनाएंगी और उसे ग्राम सभा से अनुमोदित कराएंगी। समितियां ही उस प्लान को क्रियान्वित करेंगी। वन विभाग का अमला समितियों को इस काम में मदद करेगा। आवश्यक वित्तीय संसाधन सरकार उपलब्ध कराएगी।

 

Source : Agency

पाठको की राय