Friday, October 23rd, 2026

CM शिवराज ने आज जागृति अवस्थी से की मुलाकात ,मिठाई खिलाकर बधाई दी

भोपाल
संघ लोक सेवा आयोग(यूपीएससी) की परीक्षा में दूसरा स्थान हासिल करने वाली भोपाल की जागृति अवस्थी ने शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से उनके निवास पर भेंट की। मुख्यमंत्री ने जागृति को पुष्पगुच्छ भेंट कर मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके सुखद व उज्ज्वल भविष्‍य की कामना की। जागृति ने मुख्यमंत्री को पौधा भेंटकर उनका अभिवादन किया। इस दौरान जागृति की माता मधुलता अवस्थी और पिता सुरेशचंद्र अवस्थी भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटी जागृति अवस्थी मध्य प्रदेश का गौरव हैं। यूपीएससी परीक्षा में दूसरी वरीयता प्राप्त कर उन्होंने न केवल परिवार का, बल्कि मध्य प्रदेश का भी मान ब.ढाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जागृति ने मैनिट से बीई करने के बाद बीएचईएल में काम किया, लेकिन मन से संकल्प लिया कि यूपीएससी की परीक्षा में भाग लेकर चयनित होकर देश की सेवा करनी है। इरादे अगर पक्के हो, संकल्प मजबूत हो, दिशा सही हो और समर्पण की भावना के साथ घनघोर परिश्रम करे तो आश्चर्यजनक सफलता पाई जा सकती है। जागृति ने इसे साबित कर दिखाया है। उनके माता-पिता को भी बधाई। अगर परिवार का साथ हो तो बेटियां कोई भी सफलता हासिल कर सकती हैं।

इसके साथ ही मुख्‍यमंत्री ने यह घोषणा भी की कि 13 अक्टूबर करे मध्यप्रदेश के यूपीएससी में चयनित बेटे-बेटियों का सम्मान किया जाएगा। उन्‍होंने कहा कि इसका उद्देश्य सिर्फ सम्मान करना ही नहीं है, बल्कि ये सफल बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले बेटे-बेटियों को सकारात्‍मक संदेश देंगे। ये बच्चे स्वयं परिश्रम के बल पर चयनित हुए हैं। मध्यप्रदेश के बच्चे सिर्फ यूपीएससी की परीक्षा में ही नहीं, बल्कि अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी नाम रोशन कर रहे हैं। इन सफल बच्चों से दूसरे बच्चों को संदेश मिलेगा।

 

#जागृति अवस्थी

Source : Agency

पाठको की राय